कटिहार में मखाना फोड़ने वाले मजदूर की हत्या: दोनों हाथ बांधकर बांसबाड़ी में फेंका शव, 10 दिन में दूसरी वारदात
Katihar Makhana Worker Birju Sada Murder : कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र में एक मखाना मजदूर बिरजू सदा की हत्या कर दी गई, जिसका शव बांसबाड़ी से बरामद हुआ। उसके हाथ बंधे थे और गले पर चोट के निशान थे, यह 10 दिनों में दूसरी ऐसी वारदात है जिससे इलाके में दहशत है।

Katihar Makhana Worker Birju Sada Murder : कटिहार में मखाना फोड़ने वाले मजदूर की हत्या।
HighLights
मखाना मजदूर बिरजू सदा का शव बांसबाड़ी से मिला।
मृतक के हाथ बंधे थे, गले पर दबाव के निशान।
10 दिनों में कोढ़ा क्षेत्र में दूसरी हत्या।
संवाद सूत्र, कोलासी (कटिहार)। Katihar Makhana Worker Birju Sada Murder : जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरगामा गांव में शनिवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बांसबाड़ी (बसबिट्टी) से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मधुबनी जिले के भेजा थाना क्षेत्र स्थित बरसाम गांव निवासी बिरजू सदा (22) के रूप में की गई है।
वह अपनी आजीविका चलाने के लिए कोढ़ा क्षेत्र में रहकर मखाना फोड़ने (मखाना प्रसंस्करण) का काम करता था। शव की स्थिति और शरीर पर मौजूद चोट के निशानों को देखते हुए पुलिस व स्थानीय लोगों द्वारा प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
रस्सी से बंधे थे दोनों हाथ, गले पर दबाव और आंख पर मिले जख्म
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के अनुसार, युवक के दोनों हाथ रस्सी से कसकर बंधे हुए थे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वारदात को बेहद क्रूर तरीके से अंजाम दिया गया है। मृतक के गले पर गहरे दबाव के निशान पाए गए हैं, जो गला घोंटकर हत्या किए जाने की ओर इशारा कर रहे हैं। इसके अलावा उसकी बाईं आंख के ऊपर भी गंभीर जख्म के निशान मिले हैं।
बांसबाड़ी में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही कोढ़ा के अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ-2 सुनील कुमार शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन के लिए भागलपुर से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम नमूने एकत्र किए।
तीन दिनों से लापता था बिरजू, 10 दिन में दूसरे 'मखाना फोड़ी' की हत्या
मृतक के चाचा लोचन सदा ने बताया कि उनके परिवार के सदस्य कोढ़ा क्षेत्र में ही रहकर मखाना फोड़ने की मजदूरी करते हैं। बिरजू पिछले तीन दिनों से अचानक लापता था। परिजन अपने स्तर से उसकी लगातार खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। शनिवार को ग्रामीणों के माध्यम से बांसबाड़ी में उसका शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गौरतलब है कि कोढ़ा थाना क्षेत्र में महज दस दिनों के भीतर मखाना फोड़ने वाले दूसरे मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है, जिससे बाहर से आकर यहां काम करने वाले मजदूरों में दहशत का माहौल है। इस संबंध में कोढ़ा थानाध्यक्ष पंकज आनंद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हर बिंदु से मामले की गहन जांच कर रही है। मृतक के परिजनों की ओर से फिलहाल लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दस दिन में दो 'मखाना फोड़ी' की हत्या से कटिहार में दहशत
जिले के कोढ़ा क्षेत्र में महज दस दिनों के भीतर दो प्रवासी मखाना मजदूरों की हत्या होने से श्रमिक वर्ग में असुरक्षा की भावना गहराने लगी है। दोनों मृतक दूसरे जिलों के रहने वाले थे और रोजगार की तलाश में कटिहार आकर मखाना फोड़ने (प्रसंस्करण) का काम कर रहे थे। लगातार हो रही इन आपराधिक वारदातों से न केवल मजदूरों में भय का माहौल है, बल्कि इसका सीधा प्रतिकूल असर स्थानीय मखाना किसानों और कारोबार पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
बीच-बचाव करने गए दरभंगा के मजदूर की लाठी से पीटकर हुई थी हत्या
पहली घटना बीते 10 नवंबर को हुई थी। पटाखा छोड़ने को लेकर हुए विवाद के दौरान दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना अंतर्गत नवाबनगर वार्ड संख्या 20 निवासी सुरेश साहनी की हत्या कर दी गई थी। बताया जाता है कि विवाद के समय सुरेश बीच-बचाव करने पहुंचे थे, इसी क्रम में उनके सिर पर लाठी से जोरदार प्रहार किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। सुरेश भी कोढ़ा क्षेत्र में रहकर मखाना फोड़ने का काम करते थे।
बांसबाड़ी से हाथ बंधा मिला मधुबनी के बिरजू का शव
वहीं, दूसरी वारदात में शनिवार को गोरगामा गांव की बांसबाड़ी से मधुबनी जिले के भेजा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरसाम गांव निवासी बिरजू सदा (22) का शव बरामद किया गया। वह पिछले दो दिनों से लापता था। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। उसके दोनों हाथ रस्सी से बंधे थे, जबकि गले पर दबाव के निशान और बाईं आंख के ऊपर जख्म भी पाए गए हैं।
मखाना उद्योग पर संकट
गौरतलब है कि कटिहार जिले में बड़े पैमाने पर मखाना की खेती होती है। इसकी कटाई और प्रसंस्करण (लावा फोड़ने) के लिए दरभंगा, मधुबनी समेत अन्य जिलों से बड़ी संख्या में कुशल मजदूर यहां आते हैं। अब लगातार हुई दो हत्याओं से मजदूरों के पलायन या इस काम के प्रति रुझान कम होने का खतरा पैदा हो गया है। यदि सुरक्षा की चिंता के कारण श्रमिकों की उपलब्धता प्रभावित हुई, तो मखाना किसानों के उत्पादन और समूचे कारोबार को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।