180 देशों के बीच दिखेगा बिहार का स्वाद: दुबई में मखाना ठेकुआ, जलेबी और कलाकंद पेश करेंगे कटिहार के किसान
कटिहार के मखाना उत्पादों को दुबई में आयोजित जिटेक्स समिट 2026 में अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

मखाना से बना ठेकुआ। (जागरण)
HighLights
कटिहार के मखाना उत्पाद दुबई में होंगे प्रदर्शित।
जिटेक्स समिट 2026 में मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान।
सुमित सहगल दिखाएंगे मखाने के मूल्यवर्धित उत्पाद।
संवाद सहयोगी, कटिहार। सुपर फूड मखाने को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने के लिए जिला प्रशासन और कृषि विभाग के अंतर्गत आत्मा के मार्गदर्शन में पहल की गई है।
प्रगतिशील किसान सुमित सहगल मखाने से बने मूल्य संवर्धित उत्पादों को प्रदर्शित करने दुबई जाएंगे। वे सात दिसंबर को दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित जिटेक्स समिट 2026 में भाग लेंगे।
जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन में भारत सहित 180 देश और 400 से अधिक सरकारी संस्थाएं एवं मंत्रालय शामिल होंगे।
इंडिया पवेलियन के साथ बिहार के कटिहार की जटा एलकेओ एफपीओ संस्था भी भाग लेगी। सहगल को बिहार और सीमांचल के मखाना उत्पाद वैश्विक निवेशकों, उद्यमियों, व्यापारिक प्रतिनिधियों और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े लोगों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
प्रदर्शनी में रहेगी पारंपरिक मिठाइयां
प्रदर्शनी में मखाने से बनी पारंपरिक मिठाइयों और आधुनिक उत्पादों को रखा जाएगा। इनमें मखाना ठेकुआ, पेड़ा, जलेबी, बर्फी, कलाकंद, चिक्की, सत्तू, लड्डू और अन्य नवाचार आधारित खाद्य उत्पाद शामिल हैं।
इनके जरिए बिहार की पारंपरिक खाद्य संस्कृति, मखाने की पौष्टिकता और खाद्य प्रसंस्करण की संभावनाओं को वैश्विक मंच पर पेश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बिहार के किसानों के लिए खुशखबरी: भोजपुर में पहली बार उगेगा 1.5 KG का अनार, 30 नवंबर से मिलेंगे पौधे