विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में किसानों के लिए सुनहरा मौका: केले की खेती पर मिलेगा 40% अनुदान, 15 जुलाई तक करें आवेदन

Published: Mon, 13 Jul 2026 07:00 AM (IST)

कृषि विभाग ने समेली, कटिहार के किसानों के लिए टिश्यू कल्चर केले की खेती पर 40% अनुदान की आवेदन प्रक्रिया शुरू की है।

केला की खेती में किसान

केला की खेती में किसान

HighLights

  1. टिश्यू कल्चर केले की खेती पर 40% अनुदान।

  2. रोगमुक्त, गुणवत्तापूर्ण पौधों से बेहतर उपज संभव।

  3. आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित।

संवाद सूत्र, समेली (कटिहार)। प्रखंड के किसानों के लिए टिश्यू कल्चर केला की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय ने आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के तहत किसानों को सरकारी दर पर टिश्यू कल्चर केले के पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।

साथ ही पौधों की खरीद पर 40 प्रतिशत तक अनुदान भी दिया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित की गई है। प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों किसानों ने पहले ही विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए टिश्यू कल्चर केले के पौधों की खेती अपने खेतों में की है।

इन किसानों को पारंपरिक पौधों की अपेक्षा बेहतर उपज मिली है, जिससे उनकी आय में भी वृद्धि हुई है। अच्छी पैदावार से किसान काफी उत्साहित हैं और अन्य किसान भी इस तकनीक को अपनाने में रुचि दिखा रहे हैं। प्रखंड उद्यान पदाधिकारी मो. शादाब कलीम ने बताया कि टिश्यू कल्चर तकनीक से तैयार पौधे रोगमुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण होते हैं।

इनमें सामान्य पौधों की तुलना में बीमारियों की संभावना काफी कम रहती है। पौधों की बढ़वार एक समान होती है और उचित देखभाल के साथ बेहतर गुणवत्ता के फल के साथ अधिक उत्पादन प्राप्त होता है। यही कारण है कि किसानों के बीच टिश्यू कल्चर केले की खेती तेजी से लोकप्रिय हो रही है।

उन्होंने प्रखंड के किसानों से समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इच्छुक किसान 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। पात्र किसानों को विभागीय प्रावधानों के अनुसार अनुदान का लाभ दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- जीविका दीदियों के लिए रोजगार का सुनहरा मौका: बांका की हर पंचायत में खुलेगा सुधा केंद्र, ₹60 हजार की मिलेगी मदद