विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जीविका दीदियों के लिए रोजगार का सुनहरा मौका: बांका की हर पंचायत में खुलेगा सुधा केंद्र, ₹60 हजार की मिलेगी मदद

Published: Sun, 12 Jul 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

बांका जिले की ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए जीविका परियोजना के तहत सभी 182 पंचायतों में सुधा बिक्री केंद्र खोले जाएंगे।

AI Generated Image

AI Generated Image

HighLights

  1. ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सुधा केंद्र।

  2. जीविका परियोजना के तहत सभी 182 पंचायतों में खुलेंगे आउटलेट।

  3. प्रत्येक केंद्र के लिए 60 हजार रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी।

संवाद सूत्र, बांका। जिला की ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जीविका परियोजना के माध्यम से जिले की सभी 182 पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से जीविका सुधा बिक्री केंद्र खोले जाएंगे।

इस योजना को लेकर जिला स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। बिहार राज्य दुग्ध सहकारी संघ (सुधा) के सहयोग तथा सात निश्चय-3 के अंतर्गत संचालित इस योजना में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से जुड़ी जीविका दीदियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

प्रत्येक बिक्री केंद्र की स्थापना के लिए अधिकतम 60 हजार रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। लाभुक महिला को कार्यशील पूंजी के रूप में 15 हजार रुपये स्वयं निवेश करने होंगे। अनुदान की राशि से 300 लीटर क्षमता का डीप फ्रीजर, विजी कूलर, आउटलेट की दुकान की रंगाई-पुताई और आवश्यक मरम्मत जैसे संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

योजना के सफल क्रियान्वयन और अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने के लिए जिला स्तर पर विशेष संचार टीम का गठन किया गया है। इसके माध्यम से पंपलेट, पोस्टर, बैनर और अन्य प्रचार सामग्री तैयार कर पंचायत स्तर तक पहुंचाई जाएगी।

साथ ही सीएलएफ, वीओ, बीपीआईयू और स्वयं सहायता समूहों की बैठकों में भी महिलाओं को योजना की जानकारी दी जाएगी। सुधा बिक्री केंद्र के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह आनलाइन रखी गई है। अब तक जिला से 25 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

आवेदन भरने में जीविका के एरिया और क्लस्टर समन्वयक लाभुकों की सहायता कर रहे हैं। आवेदन के साथ आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, लोकोस आईडी, दुकान का फोटो, बिजली कनेक्शन का प्रमाण, पासपोर्ट आकार का फोटो तथा दुकान के स्वामित्व अथवा किरायानामा सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना होगा।

अपने ही पंचायत में खोलने की मिलेगी अनुमति

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से जुड़ी दीदियों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदक का संबंधित पंचायत का स्थायी निवासी होना, स्वयं सहायता समूह के ऋण का शत-प्रतिशत भुगतान, करीब 70 वर्गफुट की दुकान, बिजली कनेक्शन तथा सड़क से जुड़ा व्यावसायिक स्थल होना अनिवार्य है। सभी मानकों की जांच के बाद ही बिक्री केंद्र की स्वीकृति दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- जीविका दीदियों के हाथ में होगी सुधा केंद्रों की कमान, मुंगेर के सभी 96 पंचायतों में खोलने की तैयारी

ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला की सभी 182 पंचायतों में जीविका सुधा बिक्री केंद्र खोलने की तैयारी शुरू कर दी गई है। अब तक करीब 25 आवेदन हो चुके हैं। जीविका दीदी को इसकी जानकारी दी जा रही है।

-

राकेश कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका