Katihar News: 'सिर से सटा दी पिस्टल, मुंह में ठूंस दिया कपड़ा', रिटायर्ड राजस्व कर्मी के घर से लाखों की लूट
कटिहार के कदवा थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड राजस्व कर्मी के घर चार नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर डकैती की। बदमाश लगभग 35 हजार नगद और लाखों रुपये के जेवरात लूटकर फरार हो गए। पुत्री द्वारा शोर मचाने के बाद कुछ लोगों ने बदमाश का पीछा किया तो नकाबपोश ने फायरिंग कर दहशत पैदा कर पैदल ही हथियार लहराते हुए मक्का के खेत से होकर फरार हो गए।
संवाद सूत्र, कदवा(कटिहार)। प्रखंड के कुम्हरी पंचायत के कुम्हरी गांव में कदवा थाना के पीछे स्थित 76 वर्षीय रिटायर्ड राजस्व कर्मी कमलदेव पंडित एवं रिटायर्ड शिक्षिका पुष्पा रानी के घर रविवार सुबह करीब 6.45 बजे चार नकाबपोश बदमाशों ने आग्नेयास्त्र के बल पर डकैती की घटना को अंजाम दिया।
वहीं, घटना के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए पैदल ही मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाश लगभग 35 हजार नगद के साथ लाखों रुपये मूल्य के जेवरात को साथ लेकर गए हैं।
जानकारी के अनुसार सुबह कमलदेव पंडित दरवाजे पर स्थित गुहाल से गाय को निकाल कर चारा दे रहे थे। तभी चार नकाबपोश बदमाश मुख्य द्वार से अंदर आकर वृद्ध को पकड़ कर रस्सी से हाथ पीछे बांध दिया एवं मुंह में कपड़ा ठूंस कर सिर पर पिस्टल सटा कर अंदर ले गए।
वहां एक कमरे में जाकर गोदरेज अलमारी खोलते हुए वहां रखी चाबी से लॉकर खोल कर उसमें रखा नगदी एवं गहना ले लिया।
बताया जा रहा है कि लगभग 35 हजार नगद एवं लाखों मूल्य के गहने बदमाशों ने ले लिए। उसके बाद अन्य कमरे से भी नगद चुराया। इस बीच पूजा घर से उसकी पत्नी पुष्पारानी निकली तो उसे भी हथियार का भय दिखा चुप करा दिया। बाद में दूसरे कमरे से उसकी पुत्री श्रुति निकली।
लेकिन तब तक बदमाश घर से घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। वहीं, पुत्री द्वारा शोर मचाने के बाद कुछ लोगों ने बदमाश का पीछा किया तो नकाबपोश ने फायरिंग कर दहशत पैदा कर पैदल ही हथियार लहराते हुए मक्का के खेत से होकर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। कदवा थानाध्यक्ष विजय प्रकाश ने बताया कि बदमाशों की खोजबीन की जा रही है।
वहीं सुबह-सुबह घनी आबादी के बीच हुई घटना से लोग सकते में हैं। बगल में ही स्थानीय मुखिया सुलेखा देवी का भी घर है। लोगों ने पुलिस से अपराधी के शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है।
मौके पर पहुंची डॉग स्क्वायड एवं एफएसएल की टीम
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गहन जांच के लिए डॉग स्क्वायड एवं एफएसएल टीम को बुलाया गया है। मौके पर पहुंची टीम ने मक्का खेत सहित अन्य जगहों पर जांच किया। कुत्ता बदमाश के भागने की दिशा में गया, लेकिन आगे दूर-दूर तक घना मक्का का खेत होने की वजह से सुराग नहीं मिल पाया।
वहीं, मौके पर एफएसएल की टीम ने नमूना भी लिया है। डकैती किए गए गहने का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गृहस्वामी सोने के जेवरात की सही मात्रा नहीं बता पाए हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
इस संबंध में घटना के बाद स्थल पहुंचे बारसोई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि घटना पुलिस के लिए चुनौती है। जांच टीम गठित कर दी गई है। शीघ्र ही मामले का उद्भेदन किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।