बाढ़ का पानी उतरते ही कटिहार के खेतों में लौटी रौनक, आलू और रबी फसलों की बुवाई में जुटे किसान
बाढ़ का पानी उतरने के बाद कटिहार के कुरसेला प्रखंड में किसानों ने रबी फसलों की बुवाई शुरू कर दी है। आलू, गेहूं, मक्का सहित अन्य फसलों की खेती में जुटे किसान चुनौतियों के बावजूद अच्छी पैदावार की उम्मीद कर रहे हैं।

खेतों में काम करते किसान (सौ. जागरण)
HighLights
कुरसेला में बाढ़ का पानी उतरने से खेतों में रौनक।
किसान आलू, गेहूं, मक्का जैसी रबी फसलें बो रहे हैं।
चुनौतियों के बावजूद किसान अच्छी पैदावार की उम्मीद में।
संवाद सूत्र, कुरसेला (कटिहार)। बाढ़ का पानी उतरने और मौसम में ठंडक घुलने के साथ ही कुरसेला प्रखंड क्षेत्र के खेतों में एक बार फिर रौनक लौट आई है। महीनों तक जलजमाव और बाढ़ की मार झेलने के बाद किसान अब नई उम्मीदों के साथ खेतों की जुताई, मिट्टी की तैयारी और रबी फसलों की बुवाई-रोपाई में जुट गए हैं।
कई किसान जहां ठंड के मौसम में आलू की रोपनी की तैयारी कर रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में किसान गेहूं, मक्का, सरसों, मसूर और दलहन-तिलहन जैसी अन्य रबी फसलों की बुवाई की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं।
खेतों में मेड़ और क्यारियां बनाने में व्यस्त
प्रखंड के दियारा और मैदानी इलाकों में इस समय खेतों को समतल करने और नमी साधने का काम तेजी से चल रहा है। ठंड के मौसम में होने वाली प्रमुख रबी फसलों को लेकर किसानों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
कम समय में अच्छी आमदनी देने वाली फसल के रूप में आलू की रोपनी को लेकर किसान खेतों में मेड़ और क्यारियां बनाने में व्यस्त हैं।
आलू के अलावा गेहूं, रबी मक्का, राई-सरसों, चना, मटर और मसूर की बुवाई के लिए बीज और खाद की व्यवस्था की जा रही है। कई किसान सब्जी वर्गीय फसलों से भी बाढ़ के नुकसान की भरपाई की आस लगाए बैठे हैं।
उत्साह के बीच किसानों के सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं। बाढ़ के बाद खेतों की मिट्टी की बनावट में आए बदलाव और बढ़ते खर्च ने उनकी चिंता बढ़ा रखी है।
जुताई में आ रही परेशानी
कई निचले और जलमग्न रहे खेतों में अभी भी अधिक नमी या गाद जमा होने के कारण जुताई में परेशानी आ रही है। ट्रैक्टर और जुताई की लागत बढ़ने से छोटे किसानों का बजट गड़बड़ा रहा है।
समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक और सिंचाई के लिए डीजल या बिजली की उपलब्धता को लेकर किसान चिंतित हैं। बाढ़ में हुई पिछली फसल की क्षति के बाद कई किसानों के पास पूंजी की कमी भी एक बड़ी बाधा बनी हुई है।
बदलता मौसम
सुबह-शाम बढ़ती ठंड और ओस के बीच खेतों में काम करना मजदूरों और किसानों दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण हो रहा है, साथ ही फसलों में रोग-कीट लगने की आशंका भी बनी रहती है।
तमाम कठिनाइयों के बावजूद कुरसेला के किसानों का हौसला डिगा नहीं है। बाढ़ के बाद छोड़ी गई उपजाऊ गाद कई इलाकों में रबी फसलों के लिए फायदेमंद भी साबित होती है, जिससे किसानों को बेहतर पैदावार की उम्मीद है।
गांवों में आपसी सहयोग, समय पर बुवाई पूरी करने की होड़ और नई फसल से परिवार की आजीविका संभालने का जज्बा साफ दिख रहा है। किसानों का मानना है कि यदि मौसम का साथ मिला और समय पर बीज-खाद व सिंचाई की सुविधा मिल जाए, तो रबी की यह फसल बाढ़ से हुए नुकसान की काफी हद तक भरपाई कर सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।