दीपावली-छठ के लिए रेलवे की सौगात, लुधियाना-पूर्णिया और टाटानगर-कटिहार के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
दीपावली और छठ पूजा के लिए रेलवे ने दो जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। ये ट्रेनें लुधियाना-पूर्णिया ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
संवाद सहयोगी, कटिहार। दीपावली एवं छठ पूजा को लेकर रेलवे ने दो जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। इस संबंध में कटिहार रेलमंडल के सीनियर डीसीएम सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन 04660/04659 लुधियाना-पूर्णिया फेस्टिवल स्पेशल के रूप में चलेगी।
लुधियाना से यह ट्रेन 5 एवं 9 नवंबर को दोपहर 12 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 9:30 बजे पूर्णिया पहुंचेगी। वापसी में पूर्णिया से 6 एवं 10 नवंबर को रात 11:30 बजे प्रस्थान कर तीसरे दिन सुबह 6:50 बजे लुधियाना पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, गोरखपुर, छपरा, हाजीपुर, बरौनी, खगड़िया, सहरसा एवं बनमनखी सहित प्रमुख स्टेशनों पर होगा। इसमें कुल 21 कोच लगाए जाएंगे।
दूसरी ट्रेन 08181/ 08182 टाटानगर–लाभा दीवाली एवं छठ स्पेशल के रूप में संचालित होगी। टाटानगर से प्रत्येक गुरुवार 5 से 19 नवंबर तक तीन फेरे लगाए जाएंगे। यह ट्रेन दोपहर एक बजे प्रस्थान कर अगले दिन तड़के 4:50 बजे लाभा पहुंचेगी।
वापसी में लाभा से 6 से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को तीन फेरे लगाए जाएंगे। यह ट्रेन सुबह 5:20 बजे रवाना होकर उसी रात 11:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव मुरी, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, चित्तरंजन, जसीडीह, झाझा, किउल, न्यू बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया एवं कटिहार सहित प्रमुख स्टेशनों पर होगा। इसमें स्लीपर, एसी एवं सामान्य श्रेणी के कुल 20 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- दीपावली और छठ पर बिहार आना हुआ आसान, राउरकेला से झंझारपुर के बीच 5 से चलेगी स्पेशल ट्रेन