बिहार में मकई किसानों की बल्ले-बल्ले, इस बार बंपर मुनाफे की है उम्मीद; प्रति क्विंटल इतनी है कीमत
कटिहार के कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र में किसान बड़े पैमाने पर मक्के की खेती कर रहे हैं। इधर बाजार में मक्के का भाव भी ठीक चल रहा है जिससे किसानों के चेहरे पर चमक है। अभी मक्का का बाजार भाव दो हजार से 2200 रूपया प्रति क्विंटल है। एक एकड़ की उपज में 80 से 90 हजार तक किसानों को मिल रहा है।
संवाद सूत्र, गेड़ाबाड़ी (कटिहार)। कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र में किसानों द्वारा मक्का की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। इस बार मक्का का बाजार भाव ठीक रहने से किसानों में खुशी है। पीला सोना के रूप में जाना जाने वाला मक्का की कटनी होने लगी है। मक्का कृषक वर्तमान बाजार भाव देखकर काफी खुश नजर आ रहे हैं। पैदावार भी इस बार बेहतर होने की उम्मीद है।
बाजार भाव ठीक रहा तो खूब होगा मुनाफा
किसानों ने बताया कि अगर मक्का का बाजार भाव इसी तरह रहा तो किसानों को अच्छा मुनाफा होगा। किसान नगदी फसल के रूप में मक्का की खेती करते हैं। लेकिन कभी-कभी प्राकृतिक आपदा व शीतलहर की स्थिति में किसानों की फसल को क्षति भी होती है। इस वर्ष मौसम अनुकूल रहने के कारण मक्का फसल की पैदावार बेहतर है।
किसानों को मिल रहे 80 से 90 हजार
किसान फैज आलम, जमीरउद्दीन, गोपी, राहुल आदि ने बताया कि बताया कि एक एकड़ की खेती करने में 30 हजार से 35 हजार तक खर्च आता है। 40 से 50 क्विंटल तक की उपज होती है।
अभी मक्का का बाजार भाव दो हजार से 2200 रूपया प्रति क्विंटल है। एक एकड़ की उपज में 80 से 90 हजार तक किसानों को मिल रहा है। अधिकांश किसानों द्वारा मक्का की फसल तैयार की जा रही है।
ये भी पढ़ें:
बिहार के किसानों के लिए खुशखबरी, अब सब्सिडी पर मिलेंगे ये सामान; ऐसे उठाएं लाभ