कटिहार में छठ पर्व पर मातम! गंगा स्नान करने जा रहे परिवार की कार खड़े ट्रक में घुसी, पति-पत्नी समेत 3 की मौत
कटिहार के मनिहारी में छठ पूजा के लिए गंगा स्नान जा रहे एक परिवार की कार खड़े ट्रक से टकरा ...और पढ़ें

कार खड़े ट्रक में घुसी
HighLights
मनिहारी में भीषण सड़क दुर्घटना में तीन की मौत।
छठ पूजा के लिए गंगा स्नान जा रहे थे परिवार।
कुहासे के कारण खड़े ट्रक से टकराई कार।
संवाद सूत्र, मनिहारी (कटिहार)। कटिहार-नारायणपुर फोरलेन सड़क मार्ग पर मनिहारी थाना क्षेत्र के कुतुबपुर के समीप शुक्रवार सुबह पांच बजें भीषण दुर्घटना में चारपहिया वाहन सवार एक दंपति सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान कटिहार शहर के बैगना निवासी शंभु सिंह, उनकी पत्नी ऊषा देवी और पड़ोसी मंजू रानी साहा के रूप में हुई है। घायलों में सत्यम कुमार, पांच वर्षीय हर्षिता और गोलू कुमार शामिल हैं। उनका मनिहारी के अनुमंडलीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कुहासे के कारण ट्रक को देख नहीं पाया
जानकारी के अनुसार सभी लोग छठ पूजा के लिए मनिहारी गंगा घाट पर स्नान करने शहरी क्षेत्र के बैगना से चारपहिया वाहन से जा रहे थे। कुतुबपुर के समीप तकनीकी खराबी के कारण एक ट्रक सड़क पर खड़ा था। कुहासे और अन्य कारणों से पीछे से आ रहा वाहन ट्रक को नहीं देख पाया और उससे टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गया। ट्रक के एंगल में लगा सरिया वाहन में सवार एक महिला के शरीर में धंस गया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मनिहारी पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला। हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घायलों को मनिहारी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। सूचना पर स्वजन भी पहुंचे। डीएसपी विनोद कुमार और थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा पुलिस पदाधिकारियों के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की।
डीएसपी ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और तीन अन्य घायल हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें- बैरक में सोना, जवानों संग घूमना: जानिए कटिहार पुलिस लाइन में 20 दिनों तक क्या करता रहा फर्जी सिपाही दीपक कुमार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।