Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

नवनिर्मित लोहरा थाना का हुआ उद्घाटन

अधौरा जिले के पहाड़ी प्रखंड अधौरा अंतर्गत लोहरा गांव के समीप लोहरा सारोदाग मार्ग पर नवनिर्मित लोहरा थाना का उद्घाटन डीएम नवदीप शुक्ला व एसपी राकेश कुमार ने रविवार को फीता काट कर किया।

By JagranEdited By: Updated: Mon, 24 Jan 2022 12:08 AM (IST)
Hero Image
नवनिर्मित लोहरा थाना का हुआ उद्घाटन

अधौरा: जिले के पहाड़ी प्रखंड अधौरा अंतर्गत लोहरा गांव के समीप लोहरा सारोदाग मार्ग पर नवनिर्मित लोहरा थाना का उद्घाटन डीएम नवदीप शुक्ला व एसपी राकेश कुमार ने रविवार को फीता काट कर किया। इसके साथ ही लोहरा थाना का शुभारंभ हो गया। लोहरा थाना का थानाध्यक्ष बालबृन्द प्रसाद को बनाया गया है। नवनिर्मित थाना भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है। थाना में कार्य संपन्न कराने के उद्देश्य से आवश्यक कमरों का निर्माण किया गया है। पुलिस कर्मियों के आवासन व शौचालय स्नानागार आदि का भी प्रबंध किया गया है।

बता दें कि लंबे समय से अधौरा थाना के नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने की वजह से थाना विभाजित कर कुछ और थाना सृजन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। वह रविवार को सफल हो गई। स्थानीय निवासियों में नए थाना के शुभारंभ से काफी प्रसन्नता देखी जा रही है। लोहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत तीन पंचायतों के 14 गांव होंगे। चैनपुरा पंचायत के लोहरा, सरइनार, बाहाबार, गुल्लू व पंचमाहुल, आथन पंचायत के कोटमदाग, चटहांस, हार, गम्हारीडीह, कुकराडीह तथा डुमरांवां पंचायत के खोंधर, लोंदा, कदहरकला व कदहर खुर्द गांव शामिल हैं। लोहरा थाना के लिए थानाध्यक्ष सहित बीस कर्मियों को तैनात किया गया है। चारों ओर जंगल से घिरे भवन का ²श्य काफी मनोरम दिख रहा है। जंगल के बीच थाना सृजन एक बड़ी चुनौती है। यह पूर्व में नक्सलियों का गढ़ माना जाता रहा है। उक्त गांव के निवासी तथा चैनपुरा पंचायत के मुखिया सत्यनारायण सिंह यादव की हत्या नक्सलियों ने वर्ष 2010 में कर दी थी। जिससे पूरा इलाका दहशत में जीने को बाध्य था। आज थाना के अस्तित्व में आने से लोगों में भयमुक्त जीवन यापन करने का सुखद एहसास हो रहा है। उक्त अवसर पर अधौरा पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष मनोज, बीडीओ आलोक कुमार शर्मा, सीओ अंजनी कुमार सिन्हा, प्रखंड प्रमुख संगीता देवी, पूर्व प्रमुख विपिन कुमार, अधौरा पंचायत के मुखिया गौरीशंकर सिंह, एएसआई लल्लन राम, जयनाथ पासवान, विजय कुमार सहित दर्जनों पुलिस के साथ एसडीपीओ सुनीता कुमारी भी उपस्थित रहीं।