विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैमूर में 'हर घर नल का जल' योजना फेल: साल भर से शोपीस बनी टंकी, खारा पानी पीने और भटकने को मजबूर ग्रामीण

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:31 PM (IST)

कैमूर के मोहनियां प्रखंड के जिगिना गांव में 'हर घर नल जल योजना' एक साल से ठप पड़ी है, जिससे ग्रामीण खारे पानी और पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। 

साल भर से शोपीस बनी टंकी (सौ. जागरण)

साल भर से शोपीस बनी टंकी (सौ. जागरण)

HighLights

  1. मोहनियां के जिगिना गांव में नल जल योजना एक साल से बंद।

  2. ग्रामीण खारा पानी पीने और शुद्ध पेयजल के लिए भटकने को मजबूर।

  3. पीएचईडी अधिकारियों की उदासीनता से समस्या यथावत, टंकी बनी शोपीस।

संवाद सहयोगी, मोहनियां (कैमूर)। आम आवाम को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने को सरकार ने हर घर नल योजना का ताना बाना बुना था। लेकिन पीएचइडी के अधिकारियों की उदासीनता से यह योजना धरातल पर साकार नहीं दिख रही है। मोहनियां प्रखंड के जिगिना गांव में एक साल से हर घर नल जल योजना ठप है। 

ग्रामीणों की बार बार शिकायत के बाद पीएचइडी के अधिकारी उदासीन बने हुए हैं। प्रखंड कार्यालय में आयोजित पंचायत समिति व 20 सूत्री की बैठक में भी सदस्यों ने जिगिना गांव में बंद पड़ी जलापूर्ति योजना का मुद्दा उठा। 

कनीय अभियंता को जलापूर्ति योजना को चालू कराने का निर्देश

बीडीओ ने बैठक में मौजूद विभाग के कनीय अभियंता को जलापूर्ति योजना को चालू कराने का निर्देश दिया। लेकिन अभी तक समस्या यथावत है। ग्रामीण पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। 

जिगिना मोहनियां प्रखंड के अकोढ़ी मेला पंचायत का गांव है। इस पंचायत में 13 वार्ड हैं। सभी वार्डों का यही हाल है। लोग शुद्ध पेयजल को तरस रहे हैं। जिगिना गांव में लगे सभी चापाकल बेकार पड़े हैं। पानी टंकी शोभा की वस्तु बनकर रह गई है। 

उदासीनता ग्रामीणों का दर्द बढ़ा

विभागीय अधिकारियों की उदासीनता ग्रामीणों का दर्द बढ़ा रही है। जिगिना गांव जिला के पेयजल की समस्या से ग्रस्त गांवों की सूची में शामिल है। यहां का जलस्तर काफी नीचे है। ढाई सौ फीट से नीचे का पानी ही पीने लायक है। ऊपर का जल स्तर खारा है। गांव के भीतर के कुएं का पानी भी पीने लायक नहीं है। 

गांव में शिवमंदिर के समीप तालाब के बगल में हर घर नल जल योजना के तहत बोरिंग कराकर टंकी लगाई गई है। घरों तक जलापूर्ति के लिए पाइप बिछाया गया है। लेकिन इस योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। गांवमे जो लोग सक्षम हैं उनके घर चापाकल या सबमर्शिबल पंप लगा है। यहां से जरूरत मंद पानी लाकर प्यास बुझाते हैं। गरीब परिवार के लोगों को पेयजल के लिए भटकना पड़ता है। 

ग्रामीणों का कहना है कि एक साल से हर घर नल जल योजना बंद है। जिसपर पीएचईडी का ध्यान नहीं है। गांव में लगे चापाकल खराब हो गए थे। जिसे पीएचइडी उखाड़ कर लगा। शिव मंदिर परिसर में लगा चापाकल भी वर्षों से खराब है। गांव के तालाब का पानी मवेशियों के पीने के साथ साथ घर के हर कार्य में काम आता है।

जब भी प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक होती है,उसमें पेयजल की समस्या पर चर्चा होती है। पीएचईडी के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर बंद पड़ी जलापूर्ति योजना को चालू कराने का निर्देश दिया जाता है। जिगिना गांव में बंद पड़ी हर घर नल जल योजना को चालू कराया जाएगा। - मानेंद्र कुमार सिंह, बीडीओ

यह भी पढ़ें- पीएम आवास योजना का लाभ पाने के बाद भी बेघर हैं 14 भूमिहीन! जमीन न मिलने से मोहनियां में अटका पक्का मकान



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।