बिहार में कांग्रेस का 'मनरेगा बचाओ संग्राम' शुरू, चरणबद्ध तरीके से होगा 25 फरवरी तक चलेगा आंदोलन
कांग्रेस ने 'मनरेगा बचाओ संग्राम' के तहत चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। कैमूर जिला प्रभारी सुरेश मुखिया बिंद ने ...और पढ़ें

HighLights
कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत आंदोलन छेड़ा।
भाजपा पर मनरेगा का नाम बदलने का आरोप लगाया।
11 जनवरी से उपवास, फिर धरना-प्रदर्शन का ऐलान।
संवाद सहयोगी, भभुआ। कांग्रेस पार्टी ने ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया है। इसको लेकर जिला मुख्यालय स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में कैमूर जिला प्रभारी सुरेश मुखिया बिंद ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण आजीविका सुरक्षा की रीढ़ रहा है।
इससे प्रतिवर्ष लाखों परिवारों को रोजगार मिलता है, मजबूरी में होने वाले पलायन में कमी आती है, ग्रामीण मजदूरी बढ़ती है तथा टिकाऊ सामुदायिक संपत्तियों का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि मनरेगा की आधारभूत संरचना मजबूत है, जिसमें मजदूरी का सीधा भुगतान बैंक खातों में किया जाता है।
इससे विशेष रूप से महिलाओं, अजा वर्ग के लोगों, आदिवासियों और वंचित समुदायों को लाभ हुआ है। मनरेगा के कुल कार्य दिवसों में महिलाओं की हिस्सेदारी लगभग 60 प्रतिशत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी, जो आरएसएस की उपज है।
मनरेगा का नाम बदलकर ‘वीबीजीरामजी योजना’ कर दिया है, जो भगवान श्रीराम और महात्मा गांधी दोनों का अपमान है। कांग्रेस और देश की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। सुरेश मुखिया बिंद ने आम जनता, मनरेगा कर्मियों और श्रमिकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
चरणबद्ध तरीके से होगा आंदोलन
उन्होंने बताया कि 11 जनवरी को कांग्रेस कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर महात्मा गांधी एवं डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं के पास निर्वाचित प्रतिनिधियों और मनरेगा श्रमिकों की भागीदारी के साथ एकदिवसीय उपवास करेंगे।
12 से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान, 30 जनवरी को वार्ड व प्रखंड स्तर पर शांतिपूर्ण धरना, 31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।
इसके बाद 7 से 15 फरवरी तक राज्य स्तरीय विधानसभा घेराव और 16 से 25 फरवरी तक क्षेत्रीय रैलियों के साथ अभियान का समापन होगा। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राधेश्याम सिंह कुशवाहा, विनोद पांडेय, संजय सिंह, संजय चौबे, सुचित पांडेय, हरीश तिवारी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
