जमुई में डायन-बिसाही के शक में बुजुर्ग महिला की हत्या, 9 आरोपित गिरफ्तार
जमुई के सोनो में डायन-बिसाही के शक में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
-1795022385521_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
डायन-बिसाही के शक में बुजुर्ग महिला की हत्या।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर नौ आरोपितों को दबोचा।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
संवाद सूत्र, सोनो (जमुई)। चरकापत्थर थाना क्षेत्र के थम्हन गांव में अंधविश्वास और डायन-बिसाही के शक में एक बुजुर्ग महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
9 वर्षीय बच्चे की बीमारी से मौत के बाद महिला को डायन बताकर आरोपितों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और घर से अगवा कर जंगल की ओर ले गए। बाद में पुलिस ने महिला का शव बरामद किया।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ झाझा राजेश कुमार ने बताया कि थम्हन गांव निवासी रंजू देवी, पति कुंवर मिस्त्री ने थाने में लिखित आवेदन देकर घटना की शिकायत की थी।
आवेदन में बताया गया कि 17 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे स्वर्गीय श्रवण मिस्त्री के नौ वर्षीय पुत्र शिवम कुमार की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसी घटना को लेकर आरोपितों ने एकजुट होकर उनके घर पर धावा बोला।
आरोपितों ने उनकी सास दाया देवी उर्फ कुसुम देवी, पति जैना मिस्त्री को डायन-भूत कहकर गाली-गलौज की और जबरन अपने साथ जंगल की ओर ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए चरकापत्थर पुलिस ने अनुसंधान और छापेमारी शुरू की।
पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर बुजुर्ग महिला का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जमुई भेज दिया गया है।
एसडीपीओ झाझा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में टिंकू शर्मा, पिनू शर्मा, कामदेव शर्मा, कुंदन मंडल, नीतीश शर्मा, चंदन कुमार, सनातन शर्मा, जयप्रकाश शर्मा और गुड्डू मिस्त्री शामिल हैं।
इनमें कुछ आरोपित थम्हन गांव के हैं, जबकि अन्य सोनो, सिकंदरा और मोहनपुर थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य संकलन के दौरान आरोपित टिंकू शर्मा की खून लगी शर्ट, घटनास्थल से खून लगी लाठी और शव से ब्लड सैंपल बरामद किया है।
पुलिस इन साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच करा रही है। मामले में अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
कार्रवाई में चरकापत्थर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक शुभम कुमार झा, उपेंद्र कुमार राम और विनय कुमार मांझी के साथ सशस्त्र बल शामिल थे।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में नवजात का अपहरण, चार घंटे में होटल से सकुशल बरामद, महिला समेत दो गिरफ्तार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।