विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में दबंगई के डर से 5 साल से घर छोड़कर मायके में रह रहा आदिवासी परिवार,घर-जमीन कब्जाने का आरोप

Published: Sat, 21 Nov 2026 11:28 AM (GMT+05:30)

जमुई में एक आदिवासी परिवार दबंगई और आतंक के कारण पांच साल से घर छोड़कर मायके में रहने को मजबूर है। केदार यादव पर घर, जमीन हड़पने और महिलाओं से दुष्कर्म का आरोप है, जिस पर राजद नेता उदय नारायण चौधरी ने कार्रवाई की मांग की है।

5 साल से घर छोड़कर मायके में रह रहा आदिवासी परिवार (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

5 साल से घर छोड़कर मायके में रह रहा आदिवासी परिवार (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. जमुई में आदिवासी परिवार दबंगई के कारण पांच साल से बेघर।

  2. केदार यादव पर घर, जमीन और जेवरात कब्जाने का आरोप।

  3. राजद नेता उदय नारायण चौधरी ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात।

संवाद सहयोगी, जमुई। गरही थाना क्षेत्र अंतर्गत हरखर पंचायत के चनरवर गांव में दबंगई और आतंक से परेशान एक आदिवासी परिवार पिछले पांच वर्षों से अपना घर छोड़कर मायके में शरण लेने को मजबूर है। 

पीड़ित परिवार ने केदार यादव नामक व्यक्ति पर हथियार का भय दिखाकर घर से भगाने, महिलाओं के साथ दुष्कर्म करने और घर, जमीन व जेवरात पर कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि डर के कारण पांच साल तक पुलिस से शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

राजद नेताा ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

मामला पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और राजद नेता उदय नारायण चौधरी तक पहुंचा तो उन्होंने खुद पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी पूरी आपबीती सुनी। इसके बाद उन्होंने जमुई के पुलिस अधीक्षक को फोन कर मामले में तत्काल कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। शुक्रवार को उन्होंने प्रेस कान्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी मीडियाकर्मी को दी।

चार बच्चों के साथ पैतृक घर छोड़कर भागना पड़ा

राजद नेता उदय नारायण चौधरी ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के 75 साल बाद भी समाज में आजादी से पहले जैसा अत्याचार देखने को मिल रहा है। उन्होंने आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि चनरवर गांव में एक आदिवासी परिवार को इस तरह प्रताड़ित किया गया कि उसे अपने चार बच्चों के साथ पैतृक घर छोड़कर भागना पड़ा। 

परिवार का घर मुख्य सड़क पर स्थित है और व्यावसायिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। पीड़ित परिवार वहां पकौड़ी की दुकान चलाकर जीविका चलाता था। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले में घर की व्यावसायिक स्थिति भी एक वजह नजर आती है।

न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा

उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि उन्हें किसी से डरने की जरूरत नहीं है। उनका ताला खुलवाया जाएगा और परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि इस संबंध में जमुई एसपी को जानकारी दे दी गई है। उनका उद्देश्य सिर्फ पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है। यदि न्याय नहीं मिला तो आगे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

पीड़ित परिवार ने केदार यादव के आतंक की सुनाई दास्तां 

पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि केदार यादव ने करीब पांच साल पहले उन्हें हथियार का भय दिखाकर परिवार सहित घर से भगा दिया था। आरोप है कि इसके बाद उनकी पत्नी और बहू के साथ गलत काम किया जाने लगा। डर के कारण वे अपने चार बच्चों के साथ गुरमाहा स्थित ससुराल में रहने लगे। 

उन्होंने बताया कि केदार यादव झारखंड के घुटिया इलाके का रहने वाला है। भय के कारण उन्होंने कभी पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं की। हाल के दिनों में गुरमाहा में डीएम और एसपी पहुंचे थे, लेकिन भीड़ के कारण उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद राजद नेता उदय नारायण चौधरी से संपर्क कर अपनी परेशानी बताई।

पीड़िता महिला ने आरोप लगाया कि उनके पति के सामने उनके और उनकी बहू के साथ केदार यादव ने जबरदस्ती की। इसके बाद वे डरकर मायके चली गईं और वहीं रहने लगीं। उन्होंने आरोप लगाया कि घर पर कब्जा करने के साथ उनके जेवरात और जमीन पर भी कब्जा कर लिया गया। 

उन्होंने कहा कि अब वे अपने घर वापस जाना चाहती हैं और राजद नेता से मुलाकात के बाद उनमें न्याय की उम्मीद जगी है। अब वे पुलिस के पास जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराएंगी।

केदार यादव पर पूर्व नक्सली का आरोप

इधर, पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस महानिदेशक, पटना और गरही थाना पुलिस को दिए गए आवेदन में केदार यादव को पूर्व नक्सली बताया गया है। आवेदन में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मौखिक जानकारी मिली है, कोई आवेदन अभी प्राप्त नहीं हुआ है। गरही थाना पुलिस को जानकारी दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। - विश्वजीत दयाल, एसपी जमुई

यह भी पढ़ें- जमुई में घर से बुलाकर ले गए दो युवक, चार दिन बाद जंगल में मिली रोहित मांझी की लाश; हत्या के एंगल से जांच में जुटी पुलिस


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।