जमुई में घर से बुलाकर ले गए दो युवक, चार दिन बाद जंगल में मिली रोहित मांझी की लाश; हत्या के एंगल से जांच में जुटी पुलिस
Jamui Rohit Manjhi Death: जमुई के खैरा थाना क्षेत्र में चार दिनों से लापता रोहित मांझी का शव गांव से ...और पढ़ें

Jamui Rohit Manjhi Death: धान देखने के बहाने घर से ले जाकर लापता हुए युवक का जंगल में मिला शव
HighLights
चार दिन से लापता रोहित मांझी का शव मिला।
दो युवक धान देखने के बहाने घर से ले गए थे।
पुलिस हत्या के एंगल से मामले की जांच कर रही है।
संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Rohit Manjhi Death:जिले के खैरा थाना क्षेत्र में घर से बुलाकर ले जाने के बाद बीते चार दिनों से लापता चल रहे एक युवक का शव गुरुवार को गांव से सटे जंगल में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रोहित मांझी (25 वर्ष) के रूप में हुई है। जंगल में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। वहीं, इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर हत्या सहित कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
धान की फसल देखने के बहाने रात में साथ ले गए थे दो युवक
स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की रात करीब 7:30 बजे गांव के ही राजू मांझी और सुबोध मांझी धान की फसल देखने की बात कहकर रोहित मांझी को घर से अपने साथ ले गए थे। इसके बाद 17 नवंबर की सुबह करीब 6:30 बजे दोनों युवक अपने-अपने घर लौट आए, लेकिन रोहित वापस नहीं पहुंचे। जब रोहित घर नहीं लौटा तो परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, परंतु उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।
पत्नी ने थाने में आवेदन देकर जताई थी अप्रिय घटना की आशंका
पति का कोई अता-पता नहीं चलने पर रोहित की पत्नी ममता देवी ने खैरा थाने में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन में उन्होंने घर से साथ ले जाने वाले दोनों व्यक्तियों पर अपने पति के साथ किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की आशंका जताई थी। साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन से पति की शीघ्र खोजबीन कर सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई थी। इसी बीच गुरुवार को गांव से सटे जंगल में रोहित का शव मिलने के बाद मामला और भी गंभीर व संदिग्ध हो गया है।
हत्या के एंगल से जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
शव मिलने की सूचना पर खैरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि हत्या की आशंका सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर गंभीरता से छानबीन की जा रही है। नामजद संदिग्धों की भूमिका की भी जांच हो रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा गहन जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।