विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के जमुई में दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित ट्रक ने पूजा कर लौट रही दो बच्चियों को कुचला; लोगों ने किया सड़क जाम

Published: Tue, 13 Oct 2026 07:08 AM (IST)

जमुई के सिकंदरा-नवादा मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बच्चियों की मौत हो गई। पूजा कर लौट रही ...और पढ़ें

HighLights

  1. दो बच्चियों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत।

  2. अनियंत्रित ट्रक ने पूजा से लौट रही बच्चियों को कुचला।

  3. आक्रोशित ग्रामीणों ने सिकंदरा-नवादा मार्ग जाम किया।

संवाद सहयोगी, जमुई। सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बच्चियों की मौत हो गई। कुमार गांव के पास अनियंत्रित ट्रक ने पूजा कर लौट रही दो बच्चियों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के पंचमहुआ गांव निवासी मनोज यादव की 13 वर्षीय पुत्री सुलेखा कुमारी और संकेंद्र यादव की 16 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृत बच्चियों के स्वजन में कोहराम मच गया, जबकि स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां मां नेतुला मंदिर से पूजा कर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान कुमार गांव के पास तेज गति से आ रहे अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। दो बच्चियों की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। इससे सिकंदरा-नवादा मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया। घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

हरकत में आया पुलिस प्रशासन

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल भारी संख्या में पुलिस बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।

दो बच्चियों की असमय मौत से पंचमहुआ गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद ग्रामीणों में गहरा दुख और आक्रोश है। सड़क जाम के कारण राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिश की जा रही है।