जमुई के जंगलों में SSB का बड़ा सर्च ऑपरेशन, नगरुआ पहाड़ से दो देसी राइफल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद
जमुई के नगरुआ पहाड़ स्थित जंगलों में एसएसबी ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत दो पुरानी देसी राइफलें और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। बरामद सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गरही थाना पुलिस को सौंप दिया गया है, और क्षेत्र में अभियान जारी है।
-1795782108122_m.webp)
जंगल में बरामद हथियार (सौ. जागरण)
HighLights
एसएसबी ने नगरुआ पहाड़ के जंगलों में अभियान चलाया।
दो पुरानी देसी राइफलें और विभिन्न कारतूस बरामद किए गए।
बरामद सामग्री गरही थाना पुलिस को सौंपी गई।
संवाद सहयोगी, जमुई। खैरा प्रखंड अंतर्गत गिद्धेश्वर रेंज के नगरुआ पहाड़ स्थित जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एसएसबी को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान चलाकर दो पुरानी देसी राइफल समेत विभिन्न बोर के कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
बरामद हथियारों को अज्ञात अपराधकर्मियों, शरारती तत्वों या संदिग्ध नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे जाने की आशंका जताई गई है।
जंगल में अवैध हथियार और कारतूस की सूचना मिली
कमांडेंट अनिल कुमार पाठानिया के दिशा-निर्देश पर ए-समवाय परासी को सूचना मिली थी कि नगरुआ पहाड़ के जंगल में अवैध हथियार और कारतूस छिपाकर रखे गए हैं।

बरामद हथियार के साथ(सौ. जागरण)
सूचना की गंभीरता को देखते हुए ए-समवाय परासी कैंप के कमांडर सहायक कमांडेंट अरुण कुमार के नेतृत्व में विशेष सर्च टीम गठित की गई। इसमें एसएसबी के 19 जवानों के साथ गरही थाना के आरक्षी संतोष कुमार को शामिल किया गया।
जंगली इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया
इसके बाद टीम ने नगरुआ पहाड़ के दुर्गम जंगली इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दो पुरानी एवं आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त देसी राइफल, 315 बोर के दो मिसफायर कारतूस, छह खाली गोली, 7.62 एमएम का एक जिंदा कारतूस, एक खाली गोली, एक डमी राउंड और एक मैगजीन फिलर बरामद किया गया।
-1795782275492.webp)
जंगल में सुरक्षाबल (सौ. जागरण)
सुरक्षात्मक उपायों के साथ बरामद हथियारों और अन्य सामान को जंगल से बाहर निकाला गया। बाद में सभी बरामद सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गरही थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
एसएसबी के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान लगातार चलाया जा रहा है। सुरक्षा बल संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। इससे पहले भी इस इलाके में अभियान चलाकर हथियार और गोला-बारूद बरामद किए जा चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।