बिहार-झारखंड सीमा पर हाथियों का आतंक, जमुई के जंगल में 55 वर्षीय व्यक्ति को सूंड से पटक कर मार डाला
बिहार-झारखंड सीमा पर जमुई के बरदही जंगल में हाथी के हमले से 55 वर्षीय केलु यादव की मौत हो गई। लकड़ी लाने गए केलु को हाथियों के झुंड ने घेर लिया और एक हाथी ने उन्हें पटककर मार डाला, जिससे गांव में शोक का माहौल है।

जमुई के जंगल में 55 वर्षीय व्यक्ति को सूंड से पटक कर मार डाला (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
जमुई के बरदही जंगल में हाथी के हमले से मौत।
55 वर्षीय केलु यादव लकड़ी लाने के लिए गए थे।
हाथी ने सूंड से पटककर सीने पर वार कर मार डाला।
संवाद सूत्र, खैरा (जमुई)। बिहार-झारखंड सीमा स्थित धुटिया गांव के समीप बरदही जंगल में हाथी के हमले से एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान धुटिया गांव निवासी केलु यादव (55), पिता स्वर्गीय राजो यादव के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि केलु यादव दो दिन पूर्व लकड़ी लाने के लिए बरदही जंगल गए थे। इसी दौरान वह हाथियों के बड़े झुंड के बीच फंस गए। आशंका जताई जा रही है कि एक हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और सीने पर पैर से वार कर दिया। इससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
जंगल में मृत अवस्था में देखा
इधर, दो दिनों से केलु यादव के घर नहीं लौटने पर स्वजन उनकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार की सुबह जब स्वजन और ग्रामीण खोजबीन करते हुए बरदही जंगल पहुंचे तो उन्हें मृत अवस्था में पड़ा देखा। शव देखते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही धुटिया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें- जमुई में दादी की डांट से नाराज होकर घर के अंदर गई 12 साल की बच्ची, कुछ ही देर में फंदे से लटकी मिली