जमुई में दादी की डांट से नाराज होकर घर के अंदर गई 12 साल की बच्ची, कुछ ही देर में फंदे से लटकी मिली
जमुई के अरुणाबांक गांव में 12 वर्षीय बच्ची प्रीति कुमारी का शव घर में फंदे से लटका मिला। दादी की डांट के बाद नाराज होकर अंदर गई बच्ची की संदिग्ध मौत की पुलिस जांच कर रही है।

घर में पसरा मातम (सौ. जागरण)
HighLights
जमुई में 12 वर्षीय बच्ची का शव फंदे से लटका मिला।
दादी की डांट से नाराज बच्ची घर के अंदर गई थी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटना की जांच में जुटी है।
संवाद सूत्र, खैरा (जमुई)। गरही थाना क्षेत्र के अरुणाबांक गांव में गुरुवार की संध्या एक 12 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्ची का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान गांव निवासी केनू यादव की पुत्री प्रीति कुमारी (12) के रूप में हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की संध्या बच्ची की दादी कालेश्वरी देवी ने उसे कहीं जाने को लेकर डांट-फटकार लगाई थी। इसके बाद बच्ची नाराज होकर घर के अंदर चली गई। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे फंदे से लटका पाया। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं, इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए जांच-पड़ताल की। इधर, गरही थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पलटा भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।