हाथ-पैर बांधकर पीटा; कपड़े फाड़कर पहनाई ब्लाउज; जमुई में चोरी का आरोप लगाकर दलित युवक के साथ क्रूरता
जमुई के कर्रा गांव में चोरी के आरोप में एक युवक विकास कुमार दास को बेरहमी से पीटा गया, उसके कपड़े फाड़कर ब्लाउज पहनाया गया।

जमुई में दलित युवक के साथ क्रूरता। फोटो- वीडियो ग्रैब
HighLights
जमुई में युवक को चोरी के आरोप में बेरहमी से पीटा गया।
कपड़े फाड़कर ब्लाउज पहनाया गया, व्यापारिक रंजिश का मामला।
पीड़ित की पत्नी ने एससी-एसटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
संवाद सहयोगी, जमुई। जमुई जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रा गांव में चोरी के आरोप में हाथ-पैर रस्सी से बांधकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने और उसे ब्लाउज पहनाकर जेब में चेन रखने का मामला प्रकाश में आया है।
घटना का वीडियो बुधवार को इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। पीड़ित की पहचान विकास कुमार दास के रूप में हुई है।
आरोप है कि उसे रात में घर से घुमाने के बहाने ले जाया गया और फिर बंधक बनाकर मारपीट की गई। इस दौरान उसके कपड़े फाड़ दिए गए और ब्लाउज भी पहना दिया गया। फिर चोरी का इल्जाम लगाकर भीड़ ने पीट दिया।
इस मामले में पीड़ित की पत्नी शोभा देवी ने एससी-एसटी थाना, जमुई में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार घटना 12 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे की बताई जाती है। पत्नी का आरोप है कि गांव के दिनेश यादव और मुकेश यादव, पिता लालजीत यादव के साथ दुकान की बिक्री को लेकर विवाद हुआ था।
इसी रंजिश में उनके पति पर चोरी का आरोप लगाकर मारपीट की गई। उन्होंने जाति को लेकर अपमानजनक बातें कहने का भी आरोप लगाया है।
दुकान को लेकर हुआ था विवाद, फिर चोरी का आरोप लगाकर की पिटाई
पीड़ित की पत्नी शोभा देवी ने बताया कि वे लोग गांव में चाउमिन और पकौड़े की दुकान चलाते हैं। पास में ही दिनेश यादव और मुकेश यादव की भी दुकान है।
शोभा के अनुसार, उनकी दुकान पर बिक्री अधिक होती थी, जबकि दूसरी दुकान पर ग्राहक कम आते थे। इसी बात को लेकर आरोपित पक्ष नाराज था। दो दिन पहले दुकान की बिक्री को लेकर कहासुनी हुई थी।
उस दौरान जाति को लेकर भी अपमानजनक बातें कही गई थीं। पत्नी का कहना है कि उन्होंने शुरुआत में इसे मजाक समझा था, लेकिन दो दिन बाद 12 नवंबर की रात उनके पति के साथ मारपीट की घटना हो गई।
रात 1:00 से 03:00 बजे तक की गई पिटाई
विकास कुमार दास के बाबा सहदेव रविदास ने बताया कि विकास को ले जाने के बाद रात करीब 1 बजे से 3 बजे तक उसके साथ मारपीट की गई। उस पर चोरी करने का आरोप लगाया गया था।
उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज कराने में परेशानी हो रही थी। गांव के लोगों और समाज के लोगों ने चंदा जुटाकर आर्थिक मदद की, जिसके बाद इलाज शुरू कराया गया। विकास की स्थिति अभी भी नाजुक बताई जा रही है और उसका इलाज निजी क्लिनिक में चल रहा है।
घटना के सात दिनों बाद पीड़ित की पत्नी ने थाना में दिया आवेदन
पीड़ित की पत्नी ने 20 नवंबर को एससी-एसटी थाना में आवेदन दिया था। पत्नी का कहना है कि पति के इलाज में व्यस्त रहने के कारण आवेदन देने में देरी हुई।
एससी-एसटी थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया कि मामले में केस संख्या 38/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। आरोपित फरार बताए जाते हैं।
छठ पर्व के आसपास की यह घटना मेरे संज्ञान में आई थी। छानबीन में पता चला कि कर्रा गांव में विकास कुमार दास के साथ मारपीट की घटना में एससी-एसटी थाना में कांड दर्ज हुआ है। सूचना के अनुसार विकास कुमार दास घटना के दिन स्थानीय थाना भी गए थे। उन्हें काफी चोट थी, इसलिए इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया था। यदि इसमें पुलिस की कोई लापरवाही सामने आती है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। -विश्वजीत दयाल, एसपी जमुई
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।