विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार का 'मिनी शिमला' सिमुलतला: पहाड़, झरने और पुरानी कोठियों के बीच कभी खींचे चले आते थे स्वामी विवेकानंद

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:59 AM (GMT+05:30)

Simultala Tourism Jamui Bihar Mini Shimla : बिहार के जमुई जिले में स्थित सिमुलतला को अपनी प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और औषधीय गुणों वाली आबोहवा के कारण 'मिनी शिमला' कहा जाता है। यह स्थान स्वामी विवेकानंद की पसंदीदा जगहों में से एक था और यहाँ लट्टू पहाड़, झरने, ऐतिहासिक हवेलियाँ और फलों के बगीचे प्रमुख आकर्षण हैं।

Simultala Tourism Jamui Bihar Mini Shimla :

Simultala Tourism Jamui Bihar Mini Shimla :

HighLights

  1. सिमुलतला को बिहार का 'मिनी शिमला' कहा जाता है।

  2. स्वामी विवेकानंद ने यहाँ की जलवायु को सर्वोत्तम बताया था।

  3. लट्टू पहाड़, झरने और ऐतिहासिक हवेलियाँ प्रमुख आकर्षण हैं।

संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। Simultala Tourism Jamui Bihar Mini Shimla : भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर पहाड़ों की गोद में सुकून के कुछ पल बिताने और प्रकृति को करीब से महसूस करने की चाह रखने वालों के लिए बिहार के जमुई जिले का सिमुलतला एक बेहद खूबसूरत और जादुई ठिकाना है।

प्राकृतिक सुंदरता, बेहद शांत वातावरण और औषधीय गुणों से भरपूर सुहावनी आबोहवा के कारण इसे 'बिहार का मिनी शिमला' कहा जाता है। सिमुलतला पहुंचते ही ऊंचे-ऊंचे पहाड़, हरियाली से लदे पेड़, और पहाड़ों के बीच से कल-कल करती गुजरती जलधाराओं के साथ हल्दिया झरना का शांत वातावरण सैलानियों को एक अलग ही दुनिया में ले जाता है।

लट्टू पहाड़ से दिखता है विहंगम नजारा, कटोरवा ब्रिज पर सूर्यास्त का जादू

सिमुलतला के प्रमुख आकर्षणों में लट्टू पहाड़ सबसे ऊपर है। करीब 1200 फीट की इस पहाड़ी से आसपास के पहाड़ों, हरी-भरी घाटियों और झारखंड की सीमा तक फैले वनों का विहंगम दृश्य दिखाई देता है। यह स्थान सूर्योदय और सूर्यास्त के अद्भुत नजारे के लिए प्रसिद्ध है।

Simultala Bihar Mini Shimla Swami Vivekananda Retreat (1)

वहीं, कटोरवा ब्रिज और त्रिशूली मंदिर के पास बने पुल से ढलते सूरज (सूर्यास्त) को निहारना एक कभी न भूलने वाला यादगार अनुभव है। शाम के समय प्रकृति के इस मनोहारी दृश्य के बीच कुछ पल बिताना सैलानियों को अद्भुत मानसिक शांति देता है।

इतिहास के झरोखे से स्वामी विवेकानंद की पसंदीदा जगह और पुरानी हवेलियां

सिमुलतला केवल एक प्राकृतिक पर्यटन स्थल ही नहीं है, बल्कि इसका गहरा ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व भी है। अध्यात्म के पुरोधा स्वामी विवेकानंद ने वर्ष 1887 और 1889 में यहां लंबा समय बिताया था। वे यहां की जलवायु और जल से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने इसे विश्व की सर्वोत्तम जलवायुओं में से एक बताया था। उनके विचारों से प्रेरित होकर ही वर्ष 1916 में यहां आनंदपुर श्रीरामकृष्ण मठ की स्थापना की गई थी।

अंग्रेजों और बंगाल के रईस भद्रलोक के दौर में यह स्थान प्रतिष्ठित हस्तियों का पसंदीदा स्वास्थ्य निवास (Health Resort) था। 'बोलती फिल्मों' के जनक बीएन सरकार, मार्टिन लाइट रेलवे के मालिक आरएन मुखर्जी, लॉर्ड एसपी सिन्हा और नालडांगा के राजा की कोठियां (राजवाड़ी) आज भी पुरानी राजसी शान और स्थापत्य कला की याद दिलाती हैं। हालांकि, इनमें से कई कोठियां जैसे कि दुलारी भवन आदि अब ऐतिहासिक धरोहर के रूप में खंडहरों में तब्दील हो रही हैं, लेकिन उनका आकर्षण आज भी बरकरार है।

Simultala Bihar Mini Shimla Swami Vivekananda Retreat (2)

फलों का अनोखा स्वाद और सुगम मार्ग से आसान पहुंच

सिमुलतला की एक और खास पहचान यहां के फलों के बगीचे हैं। यहां आम, कटहल, बेल और पपीते के साथ-साथ विशेष रूप से शरीफा (सीताफल) और अमड़ा जैसे स्थानीय प्राकृतिक फलों का स्वाद सैलानियों को बेहद आकर्षित करता है।

आवागमन की बात करें तो सिमुलतला हावड़ा-नई दिल्ली रेल मार्ग (Eastern Railway) पर स्थित है, जिससे देश के किसी भी हिस्से से ट्रेन द्वारा यहां पहुंचना बेहद आसान है। सड़क मार्ग से यह राष्ट्रीय राजमार्ग-333-ए (NH-333A) से जुड़ा है। देवघर (झारखंड) यहां का नजदीकी हवाई अड्डा है। यदि इस ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थल को सही सरकारी संरक्षण मिले, तो यह हेरिटेज और नेचर टूरिज्म के रूप में पूरे देश में चमक सकता है।

यह भी पढ़ें- कहां से और क्यों जमुई के घने जंगल में आया 'ब्लैक पैंथर'? जंगल में लौटी 30 साल पुरानी रौनक, कभी रहते थे 25-30 बाघ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।