विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कहां से और क्यों जमुई के घने जंगल में आया 'ब्लैक पैंथर'? जंगल में लौटी 30 साल पुरानी रौनक, कभी रहते थे 25-30 बाघ

Published: Sat, 21 Nov 2026 05:59 AM (GMT+05:30)

Black Panther : जमुई के भट्ठाकोल जंगल में 30 साल बाद एक दुर्लभ काला तेंदुआ देखा गया है, जिससे वन्यजीव प्रेमियों में खुशी की लहर है। वन विभाग अब इसकी गतिविधियों और संख्या का पता लगाने के लिए साइलेंट ट्रैपिंग कैमरे लगाने की तैयारी कर रहा है, क्योंकि इस क्षेत्र में तीन-चार और तेंदुओं के होने के संकेत मिले हैं।

Black Panther : तीन दशक बाद फिर गुलजार हुए जमुई के घने जंगल

Black Panther : तीन दशक बाद फिर गुलजार हुए जमुई के घने जंगल

HighLights

  1. जमुई के भट्ठाकोल जंगल में दिखा दुर्लभ काला तेंदुआ।

  2. वन विभाग तीन-चार काले तेंदुओं की मौजूदगी का संकेत।

  3. साइलेंट ट्रैपिंग कैमरे लगाकर गतिविधियों पर रखी जाएगी नजर।

जागरण संवाददाता, जमुई। Black Panther : तीन दशक बाद एक बार फिर जमुई का घना जंगल दुर्लभ वन्य जीव प्राणियों के लिए सुरक्षित वास बनता दिख रहा है। बरहट प्रखंड के भट्ठाकोल जंगल में अति दुर्लभ काला तेंदुआ (ब्लैक पैंथर) की गतिविधि वन्य जीव प्रेमियों के लिए बेहद सुखद अहसास लेकर आई है। जंगल में काले तेंदुए के विचरण की तस्वीर कैमरे में कैद होते ही वन विभाग पूरी तरह हरकत में आ गया है।

मुंगेर के जिला वन पदाधिकारी (डीएफओ) अमरीश कुमार मल्ल ने बताया कि इस क्षेत्र में एक नहीं, बल्कि तीन से चार काले तेंदुओं के होने के संकेत मिल रहे हैं। अलग-अलग स्थानों पर ग्रामीणों ने इसके पदचिह्न देखे हैं। अब जंगल में साइलेंट ट्रैपिंग कैमरा लगाने की तैयारी की जा रही है, ताकि इनकी सटीक संख्या और गतिविधियों का पता चल सके।

उल्लेखनीय है कि इससे करीब दो वर्ष पूर्व कैमूर और रोहतास के जंगलों में भी काला तेंदुआ दिखा था। बिहार का तीसरा सर्वाधिक वन क्षेत्र वाला जिला होने के नाते जमुई में इसकी मौजूदगी वन संरक्षण की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

सबसे पहले पशु चराने गए युवकों ने देखा

भट्ठाकोल जंगल के समीप लकड़ी चुनने और पशु चराने गए ग्रामीणों व युवकों ने शाम के समय झाड़ियों के बीच काले रंग के तेंदुए को देखा। पहले ग्रामीणों को लगा कि यह कोई सामान्य तेंदुआ है, लेकिन करीब से देखने पर उसका पूरा शरीर गहरा काला और आंखें बेहद चमकदार नजर आईं।

Rare Black Panther Spotted in Jamui Forest After 30 Years

वन समिति ने कैमरे में किया कैद

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय वन समिति के सदस्यों को दी। इसके बाद वन समिति के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर काले तेंदुए की तस्वीर अपने मोबाइल के कैमरे में कैद कर ली। मालूम हो कि वन विभाग द्वारा वनों और वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए ग्रामीणों को मिलाकर प्रत्येक वन क्षेत्र में वन समिति का गठन किया गया है।

Rare Black Panther Spotted in Jamui Forest After 30 Years (2)

कहां से और क्यों आया काला तेंदुआ?

घना जंगल होने के कारण भट्ठाकोल पहाड़ वन्य जीवों के लिए बेहद मुफीद माना जाता है। पूर्व में भी यह पहाड़ी इलाका वन्य जीवों का प्रमुख गलियारा (कॉरिडोर) रहा है। यह पहाड़ी श्रृंखला जमुई के बड़े हिस्सों— भीमबांध, बरहट, लक्ष्मीपुर, गिद्धौर और बटियाघाटी— से गुजरते हुए झारखंड के तिसरी जंगल, गिरिडीह और कोडरमा के पहाड़ी क्षेत्रों से जुड़ी है।

इसलिए वन विशेषज्ञों द्वारा संभावना जताई जा रही है कि काला तेंदुआ झारखंड के गिरिडीह और कोडरमा की तरफ से शिकार और स्थायी वास की खोज में रात के समय लंबी दूरी तय करते हुए यहां तक पहुंच गया है। वन विभाग का आकलन है कि आज भी जमुई के जंगलों में करीब 15 की संख्या में सामान्य तेंदुए पाए जाते हैं।

30 वर्ष पूर्व 25 से 30 की संख्या में रहते थे बाघ

वन विभाग के मुताबिक, करीब 30 वर्ष पूर्व जमुई के इन जंगलों में 25 से 30 की संख्या में बाघ विचरण करते थे। बाद के वर्षों में जंगलों की कटाई और मानवीय आवाजाही बढ़ने से वन्य जीव धीरे-धीरे पलायन करने लगे, जबकि कुछ के शिकार किए जाने की भी आशंका रही।

डीएफओ अमरीश कुमार मल्ल ने बताया कि इस इलाके में पहले चीता भी पाए जाते थे, जिसके प्रमाण मौजूद हैं और साइलेंट ट्रैपिंग कैमरों में इनके फुटप्रिंट व हलचल भी दर्ज हुए हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2024 में लक्ष्मीपुर जंगल के पास तीन चीता की खाल के साथ तस्करों को पकड़ा भी गया था।

जानिए ब्लैक पैंथर के बारे में और विभाग की संरक्षण योजना

वन्य जीव विशेषज्ञों के अनुसार, काला तेंदुआ (ब्लैक पैंथर) मुख्य रूप से एशिया और अफ्रीका के घने उष्णकटिबंधीय वर्षा वनों में पाया जाता है और यह तेंदुआ या जगुआर का ही काला रूप है। शरीर में मेलानिन नामक पिगमेंट की अधिकता (मेलानिज्म) के कारण इसका पूरा शरीर काला हो जाता है। यह अत्यंत शर्मीला और निशाचर (रात में शिकार करने वाला) जीव है, जो दिन में घने जंगलों में छिपा रहता है और आमतौर पर इंसानों से दूर रहता है।

यह भी पढ़ें- मंगोलिया से भारत पहुंचा 'मधुमक्खी खाने वाला छोटा सा अनोखा बाज', जमुई के नागी-नकटी में छोटे गरुड़ का भी दिखा रोमांच

 

"मुंगेर वन जिला के अधीन आने वाले जमुई जिला के जंगलों में काले तेंदुए का दिखना बिहार के लिए गर्व की बात है। वन विभाग इसकी सुरक्षा और संरक्षण के लिए विशेष योजना बना रहा है, क्योंकि वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-एक के तहत इसे अति दुर्लभ जीव का दर्जा दिया गया है।"

-

— अमरीश कुमार मल्ल, जिला वन पदाधिकारी (मुंगेर)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।