विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंगोलिया से भारत पहुंचा 'मधुमक्खी खाने वाला छोटा सा अनोखा बाज', जमुई के नागी-नकटी में छोटे गरुड़ का भी दिखा रोमांच

Published: Fri, 20 Nov 2026 01:10 PM (IST)

Jamui Nagi Nakti Bird जमुई के नागी-नकटी पक्षी अभयारण्य में 9,400 से अधिक विदेशी पक्षियों का आगमन हुआ है, जो पिछले साल नवंबर की तुलना में चार गुना अधिक है। यहां बिहार का पहला बर्ड म्यूजियम भी डेढ़ करोड़ की लागत से बनने जा रहा है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

Jamui Nagi Nakti Bird विदेश से जमुई पहुंचा 'मधुमक्खी खाने वाला अनोखा बाज': नागी-नकटी जलाशय में चार गुना बढ़े प्रवासी परिंदे

Jamui Nagi Nakti Bird विदेश से जमुई पहुंचा 'मधुमक्खी खाने वाला अनोखा बाज': नागी-नकटी जलाशय में चार गुना बढ़े प्रवासी परिंदे

HighLights

  1. नागी-नकटी अभयारण्य में 9,400 से अधिक विदेशी पक्षी पहुंचे।

  2. पिछले साल नवंबर से चार गुना अधिक पक्षियों का आगमन हुआ।

  3. जमुई के नागी में बिहार का पहला बर्ड म्यूजियम बनेगा।

संवाद सूत्र, झाझा (जमुई)। Jamui Nagi Nakti Bird सूबे के प्रसिद्ध नागी-नकटी पक्षी अभयारण्य इन दिनों विदेशी पक्षियों के आगमन और उनकी चहचहाहट से गुलजार हो उठा है। मौसम में बदलाव के साथ ही दोनों जलाशयों की प्राकृतिक छटा निखर आई है और आसमान से लेकर जलाशय तक प्रवासी परिंदों की रौनक छा गई है।

वन विभाग के अनुसार, अब तक नागी जलाशय में करीब छह हजार और नकटी जलाशय में लगभग 3,400 प्रवासी पक्षियों का आगमन हो चुका है। इस तरह कुल 9,400 से अधिक विदेशी मेहमान यहां डेरा डाल चुके हैं।

पिछले नवंबर से चार गुना अधिक पहुंचे पक्षी, 12 हजार पार होने का अनुमान

प्राकृतिक स्रोतों से समृद्ध इस अभयारण्य में इस बार नवंबर माह में ही पिछले साल की तुलना में चार गुना से अधिक पक्षियों का आगमन हो चुका है। वर्ष 2025 के नवंबर माह में यहां एक दर्जन से अधिक प्रजातियों के करीब दो हजार पक्षी ही दिखाई पड़े थे। विशेषज्ञों के अनुसार, इस वर्ष शुरुआत में ही सर्द मौसम होने के कारण बड़ी संख्या में विदेशी पक्षी समय से पहले पहुंच रहे हैं।

वन विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में पक्षियों की कुल संख्या 12 हजार के करीब पहुंच सकती है। विभाग की ओर से पक्षियों की आधिकारिक गणना जनवरी या फरवरी माह में की जाएगी।

Jamui Nagi Nakti Sanctuary Welcomes 9400 Migratory Birds (1)

जोड़े में पहुंचे हैं अधिकांश पक्षी, प्रजनन की संभावना बढ़ी

झाझा के वन क्षेत्र पदाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि विदेशी पक्षियों के आगमन के बाद अभयारण्य में सुरक्षा-व्यवस्था काफी बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही पक्षियों के भोजन के प्राकृतिक स्रोतों को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार अधिकांश पक्षी जोड़े में पहुंचे हैं, जिससे यहां उनके प्रजनन की संभावना भी काफी अधिक है। चारों ओर पहाड़ों और जंगलों से घिरा यह क्षेत्र पक्षियों के लिए अत्यंत सुरक्षित वातावरण प्रदान करता है।

लाल कलगी वाले पोचार्ड से लेकर राजहंस तक आकर्षण का केंद्र

अभयारण्य में अब तक दो दर्जन से अधिक प्रजातियों के पक्षियों को देखा जा चुका है, हालांकि अभी कोई नई प्रजाति नहीं दिखी है। विशेष रूप से तीन प्रजातियों के नर और मादा पक्षियों के बड़े झुंड नागी पहुंचे हैं— इनमें कॉमन कूट (जलमुर्गी), रेड-क्रेस्टेड पोचार्ड (लाल कलगी वाली बत्तख) और टफ्टेड डक (कलगीदार बत्तख) शामिल हैं।

Jamui Nagi Nakti Sanctuary Welcomes 9400 Migratory Birds (2)

इसके अलावा चीन और मंगोलिया जैसे देशों से आने वाले बार-हेडेड गूज (पट्टीदार सिर वाला हंस/राजहंस), रूडी शेलडक (चक्रवाक), बूटेड ईगल (छोटी गरुड़), शार्ट-टोड स्नेक ईगल, ओरिएंटल हनी बजर्ड (मधुमक्खी खाने वाला बाज), टिटहरी, लालसर, ब्लैक-हेडेड गल, कालजंघा, मल्लार्ड, रोजी स्टार्लिंग और इंडियन कर्सर सहित कई प्रजातियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

नागी में 1.5 करोड़ से बनेगा बिहार का पहला बर्ड म्यूजियम

अंतरराष्ट्रीय रामसर साइट का दर्जा मिलने के बाद नागी-नकटी में पर्यटन गतिविधियों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सुबह के समय पक्षियों का कलरव और जलाशय में उनकी अठखेलियां पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रही हैं। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटकों के आने की उम्मीद है।

Jamui Nagi Nakti Sanctuary Welcomes 9400 Migratory Birds (3)

इसी बीच नागी में बिहार का पहला बर्ड म्यूजियम बनाने की योजना को भी धरातल पर उतारने की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए सरकार की ओर से 12 एकड़ जमीन वन विभाग को हस्तांतरित कर दी गई है। अब निर्माण कार्य शुरू करने के लिए राशि आवंटित होने का इंतजार है। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से तीन वर्षों में इस म्यूजियम को तैयार करने की योजना है, जहां पर्यटकों और शोधार्थियों को पक्षियों की 1,300 प्रजातियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।

 

यह भी पढ़ें- घटोरा वेटलैंड में पक्षियों का ब्यूटीफुल संगम : कुछ आए, कुछ गए… जैसे पंछी बनूं उड़ती फिरूं मस्त गगन में

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।