'छठ घाटों पर लापरवाही हुई तो खैर नहीं' जमुई में बिहार की मंत्री श्रेयसी सिंह के सख्त तेवर, चेंजिंग रूम भी चाहिए
Jamui Chhath Ghat Inspection Shreyasi Singh: बिहार की मंत्री श्रेयसी सिंह ने जमुई विधानसभा क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण छठ ...और पढ़ें
HighLights
मंत्री श्रेयसी सिंह ने जमुई में छठ घाटों का व्यापक निरीक्षण किया।
साफ-सफाई, सुरक्षा और महिला चेंजिंग रूम पर विशेष ध्यान।
ग्रामीण घाटों पर भी समान सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश।
संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Chhath Ghat Inspection Shreyasi Singh: लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ की तैयारियों को लेकर बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री सह स्थानीय विधायक श्रेयसी सिंह पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही हैं। बुधवार को उन्होंने जमुई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न प्रमुख शहरी और ग्रामीण छठ घाटों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने नदी तटों और सरोवरों पर पहुंचकर साफ-सफाई, सुरक्षा के कड़े प्रबंध, रोशनी, पहुंच पथ और विशेष रूप से महिला व्रतियों व श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों, पूजा समितियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं को पर्व शुरू होने से पूर्व सभी आवश्यक प्रबंध चाक-चौबंद करने के कड़े निर्देश दिए।
हर साल की तरह घाटों पर पहुंचीं मंत्री, बताईं जरूरी प्राथमिकताएं
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि लोक आस्था के इस पावन पर्व पर हर वर्ष की तरह इस बार भी वे स्वयं धरातल पर उतरकर व्यवस्थाओं को देख रही हैं। जिला प्रशासन अपने स्तर पर प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियों में जुटा है, लेकिन कई ऐसे संवेदनशील और बुनियादी बिंदु होते हैं जिन पर विशेष नजर रखने की आवश्यकता है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि घाटों पर सीढ़ियों की सफाई, नदी में सुरक्षित जलस्तर के लिए बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और माताओं-बहनों की सुविधा व शुचिता के लिए चेंजिंग रूम का निर्माण कराना सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों के घाटों पर भी मिलनी चाहिए समान सुविधाएं
मंत्री ने इस बात पर विशेष बल दिया कि प्रशासनिक और नागरिक सुविधाएं केवल शहरी क्षेत्र के प्रमुख घाटों तक ही सीमित नहीं रहनी चाहिए। जमुई विधानसभा के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों, नदियों और पोखरों पर भी बड़ी संख्या में ग्रामीण व्रती अर्घ्य देने पहुंचते हैं, इसलिए वहां भी समान रूप से सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन के प्रयासों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और युवाओं की सहभागिता बेहद जरूरी है। जहां कहीं भी प्रशासनिक संसाधन कम पड़ें, वहां समाज के लोग आगे आएं और आपसी जनसहयोग व श्रमदान के माध्यम से घाटों को स्वच्छ व सुंदर बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
भगवान भास्कर से की बिहार की समृद्धि की कामना, दीं शुभकामनाएं
मंत्री ने कहा कि छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, स्वच्छता, संयम और सामाजिक समरसता का महापर्व है। इसमें समाज का हर वर्ग एक साथ आकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करता है। ऐसे पावन अवसर पर किसी भी व्रती या श्रद्धालु को असुविधा न हो, यह समाज और शासन दोनों का साझा दायित्व है।
इस दौरान उन्होंने जमुई सहित पूरे बिहारवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मइया से प्रदेश के निरंतर विकास, शांति, खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना करते हुए कहा कि एक सशक्त और समृद्ध बिहार के निर्माण में सरकार के साथ प्रत्येक नागरिक की साझी भागीदारी अनिवार्य है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।