ट्रेन में अब चैन से सो सकेंगे यात्री: तेज आवाज में मोबाइल चलाया तो हो जा सकते हैं जेल; एक्शन लेंगे TTE
पूर्व रेलवे ने ट्रेनों और स्टेशनों पर तेज आवाज में मोबाइल के इस्तेमाल पर सख्त चेतावनी जारी की है।

एआई के माध्यम से जेनरेट की गई प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
ट्रेनों में तेज आवाज में मोबाइल उपयोग पर सख्त कार्रवाई।
ईयरफोन अनिवार्य, धीमी आवाज में बात करें, फोन साइलेंट रखें।
नियम तोड़ने पर जुर्माना या 6 महीने तक की जेल का प्रावधान।
संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। अब ट्रेन के सफर में या रेलवे स्टेशन पर मोबाइल के स्पीकर पर तेज आवाज में गाने सुनना, रील्स देखना या जोर-जोर से फोन पर बात करना आपकी जेब ढीली कर सकता है और आपको हवालात की हवा भी खिला सकता है।
यात्रियों के सफर को सुकून भरा और आरामदायक बनाने के लिए पूर्व रेलवे ने कमर कस ली है और शोर मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश जारी किया है। इस संदर्भ की जानकारी आसनसोल पीआरओ ने विज्ञप्ति जारी कर शुक्रवार को दिया।
क्या है रेलवे का नया फरमान?
रेलवे प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कोचों—खासकर एसी डिब्बों—में कुछ यात्रियों की वजह से शांति भंग होती है। इसे देखते हुए पूर्व रेलवे ने सभी मंडलों को निर्देश दिए हैं कि वे स्टेशनों और ट्रेनों में 'मोबाइल शिष्टाचार' को लेकर बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाएं।
यात्रियों के लिए जरूरी नियम
- ईयरफोन अनिवार्य: सफर के दौरान मोबाइल पर संगीत सुनने या वीडियो देखने के लिए स्पीकर का इस्तेमाल न करें, बल्कि ईयरफोन या हेडफोन लगाएं।
- धीमी आवाज में बात: फोन पर ऊंची आवाज में या देर तक शोर मचाते हुए बात करने से बचें।
- साइलेंट मोड: अपने फोन की रिंगटोन की आवाज धीमी रखें या उसे साइलेंट/वाइब्रेशन मोड पर रखें ताकि सहयात्रियों की नींद या आराम में खलल न पड़े।
नियम तोड़ा तो क्या होगी सजा?
पूर्व रेलवे ने साफ कर दिया है कि पहले यात्रियों को प्यार से समझाया जाएगा, लेकिन अगर कोई नहीं मानता और दूसरों के लिए परेशानी (उपद्रव) खड़ी करता है, तो रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 145 के तहत सीधा एक्शन लिया जाएगा।
नियम तोड़ने पर एक हजार तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। मामला गंभीर होने पर 6 महीने तक की जेल भी हो सकती है।
ट्रेन में तैनात टिकट परीक्षक (टीटीई) और अन्य सक्षम वाणिज्यिक कर्मचारियों को मौके पर ही कार्रवाई करने का अधिकार दिया गया है।
स्टेशनों और कोचों में चलेगा विशेष अभियान
यात्रियों को जागरूक करने के लिए रेलवे स्टेशनों के मुख्य हिस्सों और ट्रेनों के भीतर (विशेषकर एसी कोचों में) चेतावनी वाले स्टिकर और पोस्टर लगाए जाएंगे।
इसके अलावा, स्टेशनों पर हिंदी, अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं में लगातार अनाउंसमेंट करके भी यात्रियों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की जाएगी।
रेलवे प्रशासन का मानना है कि आपकी एक छोटी-सी समझदारी और ईयरफोन का इस्तेमाल हजारों सहयात्रियों के सफर को यादगार और शांतिपूर्ण बना सकता है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली लौटने वाले यात्रियों की भीड़ कम करेगी मालदा टाउन-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन, भागलपुर, जमालपुर व पटना होकर गुजरेगी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।