विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आस्था के आगे टूटी मजहब की दीवार, जमुई में मुस्लिम समुदाय ने संभाली छठ घाट सफाई की कमान

Published: Thu, 12 Nov 2026 06:00 PM (IST)

जमुई में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने छठ घाटों की साफ-सफाई में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जो सांप्रदायिक सौहार्द का जीवंत उदाहरण बना।

छठ घाट की सफाई करते लोग। (जागरण)

छठ घाट की सफाई करते लोग। (जागरण)

HighLights

  1. जमुई में मुस्लिम समुदाय ने छठ घाटों की सफाई में श्रमदान किया।

  2. दैनिक जागरण के चार दिवसीय स्वच्छता अभियान का उत्साहपूर्वक समापन हुआ।

  3. यह पहल आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनी।

संवाद सहयोगी, जमुई। दीवारें सिर्फ ईंट-पत्थर की नहीं, सोच और पूर्वाग्रहों की के साथ जाति और धर्म की भी होती हैं, मगर जब लोक आस्था के महापर्व की बात आती है तो ये दीवारें कहीं -कहीं स्वतः ढह जाती हैं।

जमुई से सामने आई एक तस्वीर इस बात का सबसे जीवंत प्रमाण है। आस्था के साथ स्वच्छता के संदेश को लेकर दैनिक जागरण की पहल पर मंगलवार से शुरू चार दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान का गुरुवार को उत्साहपूर्वक समापन हो गया।

इस अभियान के आखिरी दिन जिले के रजला स्थित औरैया घाट पर जो नजारा दिखा, उसने यह साबित कर दिया कि जब बात समाज और संस्कृति की हो तो मजहब और संप्रदाय की सीमाएं पीछे छूट जाती हैं।

यहां मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आगे बढ़कर श्रमदान किया और छठ घाट की साफ-सफाई की पूरी कमान संभाल ली।

रजला के औरैया घाट पर मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्धजनों और युवाओं की यह सहभागिता किसी औपचारिकता से परे, आपसी भाईचारे का एक ऐसा जीवंत दस्तावेज बन गई जो लंबे समय तक याद रखी जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार केवल धार्मिक अनुष्ठान भर नहीं हैं, बल्कि यह समाज को आपस में जोड़ने और एक-दूसरे की संस्कृति व मान्यताओं का सम्मान करने का सबसे बड़ा अवसर होते हैं।

जब एक समुदाय दूसरे समुदाय के पर्व की तैयारी में स्वतः स्फूर्त होकर हाथ बंटाता है तो इससे सामाजिक सौहार्द का ताना-बाना और अधिक मजबूत होता है।

छठ घाटों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए दैनिक जागरण द्वारा चलाए गए इस चार दिवसीय अभियान की जिले भर में व्यापक सराहना मिली।

इस मुहिम से आम ग्रामीणों के साथ-साथ युवाओं और स्थानीय कमेटियों ने जुड़कर आने वाली पीढ़ी को सकारात्मक संदेश दिया है। आखिरी दिन सिकंदरा प्रखंड के कुमार गांव स्थित रानी पोखर छठ घाट पर ग्रामीणों ने एकजुट होकर सीढ़ियों और पोखर के आसपास उगी घास व खरपतवार की सफाई की।

सुबह से ही जुटे लोग

खैरा के ऐतिहासिक रानी तालाब छठ घाट और जमुई प्रखंड के मनियड्डा गांव में ग्रामीणों ने सुबह से ही सामूहिक श्रमदान कर घाटों को अर्घ्य के योग्य बनाया।

लक्ष्मीपुर के जिनहरा स्थित त्रिवेणी छठ घाट पर नवयुवक कमेटी के सदस्यों ने मोर्चा संभाला, वहीं चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के माधोपुर में एमटीएस युवा क्लब के सदस्यों ने श्रमदान कर अपनी जिम्मेदारी निभाई।

खुरंडा पंचायत अंतर्गत त्रिशूली मंदिर जोर के पास भी स्थानीय युवाओं ने मिलकर सफाई अभियान को सफल बनाया। चार दिनों तक चले इस अभियान के समापन पर यह बात स्पष्ट रूप से उभरकर सामने आई कि जमुई की मिट्टी में आपसी भाईचारा और सांस्कृतिक सांझ आज भी कितनी गहरी है।

आधुनिकता की दौड़ के बीच इस तरह के सामूहिक प्रयास न केवल पर्व की पवित्रता को बनाए रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सामाजिक समरसता और सहयोगात्मक का सबसे बड़ा पाठ भी है।

यह भी पढ़ें- मन्नत पूरी होने पर शुरू किया था व्रत, 37 साल से लगातार छठ कर रहीं लखीसराय की 65 वर्षीय मंजू देवी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।