वीडियो वायरल: खेल मंत्री के गृह जिले जमुई में फटी मैट पर हुआ क्रिकेट, मच्छरों के बीच रात गुजारने को खिलाड़ी मजबूर
मुंगेर विश्वविद्यालय द्वारा जमुई के केकेएम कॉलेज में आयोजित अंतर-महाविद्यालय पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट को अव्यवस्थाओं के कारण स्थगित कर दिया गया है। खराब पिच और मच्छरों से भरे आवास में खिलाड़ियों की नाराजगी के बाद वायरल वीडियो के चलते विश्वविद्यालय ने यह फैसला लिया।
-1795417953095_m.webp)
जमुई के केकेएम कॉलेज में अव्यवस्था का बोलबाला
HighLights
मुंगेर विश्वविद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट जमुई में अव्यवस्थाओं के कारण स्थगित।
फटी पुरानी पिच और मच्छरों से भरे आवास से खिलाड़ी परेशान।
खिलाड़ियों के वायरल वीडियो के बाद विश्वविद्यालय ने लिया स्थगन का फैसला।
संवाद सहयोगी, जमुई। मुंगेर विश्वविद्यालय ने जिस भरोसे के साथ अंतर-महाविद्यालय पुरुष वर्ग क्रिकेट टूर्नामेंट की मेजबानी केकेएम कॉलेज, जमुई को सौंपी थी, वहां की घोर अव्यवस्थाओं के कारण आखिरकार प्रतियोगिता स्थगित करनी पड़ी। मैदान में फटी-पुरानी मैट से बनाई गई पिच और खिलाड़ियों के ठहरने की बदहाल व्यवस्था को लेकर खिलाड़ियों ने नाराजगी जताते हुए मच्छरों के बीच रात गुजारने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। मामला संज्ञान में आते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से प्रतियोगिता को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है।
बोरे के पैबंद वाली मैट पर फिसले गेंदबाजों के पैर
जानकारी के अनुसार, मुंगेर विश्वविद्यालय की ओर से सत्र 2026-27 के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 20 से 28 नवंबर तक पुरुष वर्ग क्रिकेट टूर्नामेंट की मेजबानी केकेएम कॉलेज को मिली थी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र खिलाड़ी जमुई पहुंचे थे। लेकिन मैदान में पिच के लिए जो मैट बिछाई गई थी, वह बेहद फटी-पुरानी और दरी जैसी थी, जिसके दोनों छोर पर पैबंद के रूप में बोरे के टुकड़े चिपकाए गए थे।

असुरक्षित रहा खेल
बल्लेबाज के खड़े होने वाले क्रीज से लेकर गेंदबाज के रन-अप वाले हिस्से तक मैट उखड़ी हुई थी। इस कारण गेंद कभी अचानक रुक जा रही थी तो कभी असामान्य उछाल ले रही थी, जिससे गेंदबाजों के पैर फिसलने लगे। व्यवस्था देखने पहुंचे विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए प्राचार्या से आपत्ति भी दर्ज कराई थी, इसके बावजूद सुधार नहीं किया गया।
मच्छरों के बीच कटी खिलाड़ियों की रात
खिलाड़ियों के आवासन को लेकर भी गंभीर लापरवाही सामने आई। कॉलेज प्रशासन द्वारा ठहरने का समुचित प्रबंध नहीं किए जाने से खिलाड़ियों को रातभर मच्छरों से भरे कमरे में रहना पड़ा। खिलाड़ियों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
कुलपति ने जारी किया स्थगन आदेश
इन शिकायतों के बाद मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति ने आदेश जारी कर टूर्नामेंट को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया। जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि प्रतियोगिता के आयोजन स्थल में परिवर्तन और नई तिथि की सूचना अविलंब जारी की जाएगी।
-1795417097557.webp)
खेल प्रेमियों ने जताया आक्रोश, प्राचार्या ने स्वीकारी चूक
प्रतियोगिता स्थगित होने पर जिले के खेल प्रेमियों और बुद्धिजीवियों ने गहरी नाराजगी जताई है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्य कुमार शांतनु ने कहा कि किराये की फटी मैट और बिना सफाई वाले मैदान में आयोजन कराकर जमुई की छवि धूमिल की गई है। वहीं, बुद्धिजीवियों का कहना है कि एक ओर स्थानीय विधायक सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन जमुई में करा रही हैं, दूसरी ओर विश्वविद्यालय स्तर के टूर्नामेंट में ऐसी अव्यवस्था दुर्भाग्यपूर्ण है।
"व्यवस्था देखने की जिम्मेदारी टीम मैनेजर की थी। छठ के ठीक बाद आयोजन होने के कारण व्यवस्थाओं के लिए समुचित समय नहीं मिल पाया। मामले को राजनीतिक तूल भी दिया जा रहा है। व्यवस्था में चूक हुई है। समन्वय स्थापित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।"
— डॉ. कंचन गुप्ता, प्राचार्या, केकेएम कॉलेज, जमुई
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।