विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में लापता युवक का आहर में तैरता मिला शव, परिजनों ने लगाया मारपीट कर हत्या का आरोप

Published: Tue, 13 Oct 2026 12:03 PM (IST)

जमुई के सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक लापता युवक मनोज महतो का शव बरबांध आहर में मिला, जिससे इलाके में ...और पढ़ें

जांच में जुटी जमुई पुलिस

जांच में जुटी जमुई पुलिस

HighLights

  1. जमुई में लापता मनोज महतो का शव आहर में मिला।

  2. परिजनों ने मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है।

  3. पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

संवाद सूत्र, सिकंदरा (जमुई)। लछुआड़ थाना क्षेत्र के रवैय गांव के समीप बरबांध आहर में मंगलवार को 40 वर्षीय मनोज महतो का शव मिलने से इलाके में चर्चा तेज हो गई। मृतक की पहचान रवैय गांव निवासी राजो महतो के पुत्र के रूप में हुई है। 

स्वजनों के अनुसार, मनोज सोमवार की शाम से लापता था। आहर में शव मिलने के बाद उसकी मौत के कारणों को लेकर अलग-अलग आशंकाएं जताई जा रही हैं। 

शरीर पर चोट के निशान 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मनोज शराब पीने का आदी था और सोमवार की शाम बरबांध आहर की ओर गया था। पुलिस को आशंका है कि नशे की हालत में आहर में गिरने से उसकी मौत हुई होगी। हालांकि, स्वजनों ने उसके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान तथा खून के धब्बे देखकर मारपीट के बाद शव आहर में फेंके जाने की आशंका जताई है। 

बहरहाल इन आशंकाओं की पुष्टि नहीं की जा सकी है। हालांकि सूचना मिलने पर लछुआड़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया गया। थानाध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

आहर के समीप जमावड़े पर रोक लगाने की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरबांध आहर पर शाम के बाद शराबियों का जमावड़ा लगने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और आहर के आसपास निगरानी की मांग की है। 

मनोज की मौत के बाद अब सवाल है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम कब उठाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- बिहार के जमुई में दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित ट्रक ने पूजा कर लौट रही दो बच्चियों को कुचला; लोगों ने किया सड़क जाम