आंध्र प्रदेश जाने के लिए निकला था युवक, जमुई के पास ट्रेन से गिरकर मौत; शव के ऊपर से गुजरीं कई ट्रेनें
जमुई स्टेशन के पास किऊल-झाझा रेलखंड पर ट्रेन से गिरकर एक युवक मनोहर कुमार की दर्दनाक मौत हो गई।

मौके पर जुटी लोगों की भीड़। (जागरण)
HighLights
जमुई में ट्रेन से गिरकर युवक मनोहर कुमार की दर्दनाक मौत।
किऊल-झाझा रेलखंड पर हुआ भीषण ट्रेन हादसा, शव क्षत-विक्षत।
आंध्र प्रदेश जाने के दौरान हुई यह दुखद घटना।
संवाद सूत्र, बरहट(जमुई)। किऊल-झाझा रेलखंड पर जमुई स्टेशन के समीप गादी कटौना के पास ट्रेन से गिरकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा इतना भयानक था कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक के शरीर के कई हिस्से कटकर अलग हो गए। दिल दहला देने वाली बात यह है कि इस दौरान मृतक के शव के ऊपर से लगभग आधे दर्जन ट्रेनें गुजर गईं, जिससे शव क्षत-विक्षत हो गया।
मौके पर पोल संख्या 390/23 से लेकर 390/26 तक शव के अवशेष बिखरे हुए मिले। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।
आंध्र प्रदेश जाने के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान बरहट थाना क्षेत्र के लखैय पंचायत अंतर्गत पनपुरवा गांव निवासी वीरेंद्र मंडल के 28 वर्षीय पुत्र मनोहर कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मनोहर अपनी बहन को गिद्धौर स्टेशन पर ट्रेन चढ़ाने गया था। इसके बाद वह उसी सुपरफास्ट ट्रेन से जसीडीह स्टेशन जा रहा था, जहां से उसे दूसरी ट्रेन पकड़कर आंध्र प्रदेश के लिए रवाना होना था। लेकिन जसीडीह पहुंचने से पहले ही किऊल-झाझा रेलखंड पर यह भीषण हादसा हो गया, जिसमें उसकी जान चली गई।
परिवार में मचा कोहराम
इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोहर शादीशुदा था और उसके परिवार में दो बेटे व एक बेटी हैं। वह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सहारा था। उसकी इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे पनपुरवा गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
फिलहाल, पुलिस ने शव के टुकड़ों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुर्घटना से इलाके के लोग स्तब्ध और मर्माहत हैं।
यह भी पढ़ें- जमुई में 2 बच्चों की मां से मिलने पहुंचे प्रेमी को गांव वालों ने पीटा, पति के सामने जबरन भरवाई मांग