जमुई में 2 बच्चों की मां से मिलने पहुंचे प्रेमी को गांव वालों ने पीटा, पति के सामने जबरन भरवाई मांग
जमुई में प्रेमिका से मिलने गए युवक को ग्रामीणों ने पीटकर जबरन शादी करा दी, जिसका वीडियो वायरल हो गया।
HighLights
युवक प्रेमिका से मिलने पहुंचा, ग्रामीणों ने पीटा।
ग्रामीणों ने जबरन महिला की मांग में सिंदूर डलवाया।
महिला के पति ने जबरन शादी का विरोध किया।
संवाद सहयोगी, जमुई। अंधेरी रात में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने पहले उसकी पिटाई की और फिर जबरन महिला की मांग में सिंदूर डलवा दिया।
मामला जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत साकल गांव का है। शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि हुई इस घटना का वीडियो रविवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ जो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रसारित वीडियो में दिख रहा है कि ग्रामीणों से बचने के लिए युवक खपरैल मकान की छत पर चढ़ गया। बाद में ग्रामीणों ने उसे नीचे उतारा और उसकी पिटाई की।
इसके बाद युवक से महिला की मांग में जबरन सिंदूर डलवाने का दृश्य भी वीडियो में दिखाई दे रहा है। बताया जाता है कि युवक और महिला एक ही गांव के रहने वाले हैं और दोनों के बीच काफी दिनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
घरवालों को लगी भनक
शनिवार की देर रात महिला के बुलाने पर युवक उससे मिलने उसके घर पहुंचा था। इसकी भनक घरवालों को लग गई। उन्होंने ग्रामीणों को इसकी सूचना दे दी।
इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और दोनों को पकड़ लिया। बताया जाता है कि महिला पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।
ग्रामीणों द्वारा जबरन शादी करवाने का महिला के पति ने विरोध किया। उसने पत्नी को युवक के साथ जाने नहीं दिया और अपने पास ही रखा। इसके बाद मामला शांत हो गया। फिलहाल, किसी भी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।