विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में महिला की गोली मारकर हत्या, काम खत्म कर लौट रही थी घर

Published: Thu, 29 Oct 2026 11:27 PM (IST)

पटना के खाजपुरा में नेहरू पथ पर काम से लौट रही 55 वर्षीय उर्मिला देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. पटना के खाजपुरा में महिला उर्मिला देवी की हत्या।

  2. काम से लौटते समय नेहरू पथ पर मारी गोली।

  3. पारिवारिक विवाद में दामाद पर हत्या का आरोप।

जागरण संवाददाता, पटना। पटना के हवाई अड्डा थाना क्षेत्र के खाजपुरा इलाके में गुरुवार शाम एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

मृतका की पहचान 55 वर्षीय उर्मिला देवी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिक्रम की रहने वाली थीं। वह खाजपुरा स्थित एक नर्सिंग होम में सफाईकर्मी के रूप में काम करती थीं।

वारदात उस समय हुई, जब वह काम खत्म कर घर लौट रही थीं। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। उर्मिला देवी गुरुवार शाम करीब सात बजे नर्सिंग होम से पैदल अपने घर के लिए निकली थीं।

इसी दौरान नेहरू पथ पर पिलर संख्या 17 के पास बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके सिर में लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ीं।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को शास्त्री नगर स्थित एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपित दानापुर की ओर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी चंद्र प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से एक कारतूस बरामद किया है।

एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

उर्मिला देवी पिछले करीब 17 वर्षों से अपने स्वजन के साथ आशियाना मोड़ के पास किराए के मकान में रह रही थीं। उनके पति अजय सिंह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए गए हैं। स्वजन में चार बेटियां हैं और सभी की शादी हो चुकी है। बड़ी बेटी सोनी देवी के अनुसार, उनकी मां ही स्वजन के भरण-पोषण की मुख्य जिम्मेदारी संभालती थीं।

छोटा दामाद बेटी के साथ करता था मारपीट, छोड़ कर चली आई थी मायके

पुलिस की शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद का पहलू सामने आया है। स्वजन के अनुसार, उर्मिला देवी की छोटी बेटी ने कुछ समय पहले अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया था।

आरोप है कि पति की प्रताड़ना और मारपीट से परेशान होकर वह कुछ दिन पहले मायके लौट आई थी। इसके बाद उसने पति से तलाक लेने का फैसला किया था।

स्वजन का आरोप है कि बेटी के पति ने दूसरी शादी करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। स्वजन ने छोटे दामाद मुकेश कुमार उर्फ गुल्ला पर उर्मिला देवी की हत्या कराने का संदेह जताया है।

स्वजन के मुताबिक, आरोपित का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके पास अवैध हथियार भी रहते थे। कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका है।

सभी पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस

फिलहाल पुलिस पारिवारिक रंजिश, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोप और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल से देर रात तक पुलिस को सीसीटीवी फुटेज नहीं मिली थी। घटना की जांच में डीआईयू, डायल 100 और थाना की पुलिस टीम जुटी है।

यह भी पढ़ें- बिहार में ऑटो में 2 मासूम बच्चों को छोड़ प्रेमी संग फरार हुई मां, 22 लाख के जेवर ले जाने का भी आरोप