बिहार में ऑटो में 2 मासूम बच्चों को छोड़ प्रेमी संग फरार हुई मां, 22 लाख के जेवर ले जाने का भी आरोप
सारण के मांझी में एक महिला अपने दो मासूम बच्चों को ऑटो में छोड़कर कथित प्रेमी संग फरार हो गई।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
महिला दो मासूम बच्चों को ऑटो में छोड़ फरार हुई।
कथित प्रेमी संग 22 लाख के जेवर लेकर भागी।
मांझी पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, दाउदपुर/मांझी (सारण)। मांझी के बलिया मोड़ पर बुधवार की शाम दो मासूम बच्चों को ऑटो में छोड़कर एक महिला के कथित तौर पर प्रेमी संग फरार होने का मामला सामने आया है।
मांझी थाना परिसर में जब पिता ने अपने दोनों बच्चों को सुरक्षित देखा तो उसकी आंखें भर आईं। बच्चों को सीने से लगाते ही वह भावुक हो उठा। घटना ने पारिवारिक विवाद के बीच दो मासूमों को असहाय छोड़ने का मामला सामने ला दिया है।
छह वर्ष पहले हुई थी शादी
पुलिस को दिए बयान में बलिया जनपद के पाण्डेयपुर निवासी अमित सिंह ने अपनी आपबीती बताई। वह अनिल सिंह का पुत्र है।
अमित के अनुसार, उसकी शादी छह वर्ष पूर्व सिवान जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव में हुई थी। शादी के बाद परिवार सामान्य रूप से चल रहा था। हालांकि, अब पत्नी के घर छोड़कर चले जाने का मामला सामने आया है।
22 लाख के जेवर लेकर जाने का आरोप
अमित ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी घर से करीब 22 लाख रुपये मूल्य के जेवर लेकर चली गई। बुधवार की शाम वह मांझी के बलिया मोड़ पहुंची।
आरोप है कि वहां दोनों बच्चों को ऑटो में छोड़कर कथित प्रेमी के साथ फरार हो गई। बच्चों को अकेला छोड़ने की सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और उन्हें अपने संरक्षण में ले लिया।
जांच में जुटी मांझी पुलिस
थाने में बच्चों के सुरक्षित मिलने पर पिता ने राहत की सांस ली। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला के फरार होने और जेवर ले जाने के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
