बिहार में भोजपुरी सिंगर अभिषेक सिंह की स्कॉर्पियो पर ताबड़तोड़ फायरिंग, गाड़ी में तोड़फोड़
जहानाबाद में भोजपुरी गायक अभिषेक सिंह की खड़ी स्कॉर्पियो पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की और ईंट-पत्थर से क्षतिग्रस्त कर दिया।

सिंगर अभिषेक सिंह। (एएनआई)
HighLights
गायक अभिषेक सिंह की स्कॉर्पियो पर फायरिंग हुई।
हमलावरों ने गाड़ी को ईंट-पत्थर से तोड़ा।
शिव कुमार विक्कू पर हमले का आरोप लगा।
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। सदर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर मोहल्ले में सोमवार को स्थानीय भोजपुरी व मगही गायक अभिषेक सिंह के घर पर फायरिंग और पास में खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है।
घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, जहां से गोली के तीन खोखे बरामद किए गए। गायक अभिषेक सिंह ने स्थानीय दूसरे गायक शिवकुमार विक्कू पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
अभिषेक सिंह के अनुसार, उनका शिवकुमार विक्कू के साथ पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है। शिवकुमार विक्कू उनसे तीन साल वरिष्ठ गायक हैं, लेकिन मेरी बढ़ती लोकप्रियता से नाराज चल रहे हैं।
इसी विवाद के कारण मेरे घर पर फायरिंग और गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। कई बार स्टेज शो में भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। अभिषेक सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह साढ़े चार बजे घर के बाहर अचानक गाड़ी टूटने-फूटने की आवाज आई तो नींद खुली।
चार से पांच राउंड फायरिंग
इस बीच घर पर ताबड़फोड़ चार से पांच राउंड फायरिंग भी की गई। तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जान बची और सभी आरोपित वहां से भाग निकले। मेरी स्कॉर्पियो गाड़ी को ईंट-पत्थर से क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिकेत कुमार द्विवेदी ने बताया कि अभिषेक सिंह की ओर से थाने में लिखित शिकायत की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल लोगों की भूमिका और फायरिंग के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बताया जाता है कि दोनों गायक कोर्ट एरिया में ही रहते हैं। अभिषेक सिंह मूल रूप से मखदुमपुर थाना क्षेत्र के आकोपुर गांव के निवासी हैं, जबकि शिवकुमार विक्कू घोसी इलाके के रहने वाले हैं।
यह भी पढ़ें- बेटे की मौत का इंतकाम लेने के लिए 2 साल बाद उसी दिन कराया कत्ल, औरंगाबाद में पिता समेत 6 गिरफ्तार
