जमुई: झगड़ा शांत कराना पड़ा महंगा, सनकी युवक ने चाकू से किया हमला; गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
जमुई के भछियार मोहल्ला में एक सनकी युवक ने मामूली विवाद में मोहम्मद छोटे नामक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक का चल रहा इलाज। (जागरण)
HighLights
जमुई में सनकी युवक ने व्यक्ति पर चाकू से हमला किया।
मामूली बात पर हुए विवाद में मोहम्मद छोटे घायल।
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद तौफीक की तलाश शुरू की।
संवाद सहयोगी, जमुई। टाउन थाना क्षेत्र के भछियार मोहल्ला में मामूली बात को लेकर सनकी युवक ने शुक्रवार की रात करीब 09 बजे एक व्यक्ति पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इस हमले में शरीर के तीन जगहों पर चाकू लगने से व्यक्ति बुरी तरह लहूलुहान हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को फौरन इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर अवस्था में उसका इलाज किया जा रहा है।
घायल व्यक्ति की पहचान इस्लामनगर मोहल्ला निवासी मोहम्मद मनीर के पुत्र मोहम्मद छोटे के रूप में हुई है। घायल ने चाकू से हमला करने का आरोप भछियार निवासी मो. मंसूर के पुत्र मो. तौफीक उर्फ टुनु पर लगाया है।
सूचना मिलने के बाद दलबल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे टाउन थाना प्रभारी ने घायल व्यक्ति का फर्द बयान लिया और घटना की विस्तारपूर्वक जानकारी ली। इसके बाद पुलिस घटना की जांच-पड़ताल करते हुए आरोपित की तलाश में जुट गई है।
घायल मोहम्मद छोटे ने बताया कि वह घर से निकलकर दुकान से सामान लाने के लिए भछियार मोहल्ला की तरफ गए थे। इसी दौरान तौफीक उर्फ टुनु किसी लड़के के साथ झगड़ा कर रहा था।
चाकू से किया हमला
जिसे देखकर उन्होंने झगड़ा नहीं करने और घर जाने की बात कही। इसी बात को लेकर तौफीक उर्फ टुनु ने अचानक चाकू से हमला कर दिया।
हमले में घायल के बाएं हाथ में दो जगह और दाहिने छाती के ऊपरी भाग पर एक जगह चाकू से वार किया गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। हमला करने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।
घायल ने बताया कि आरोपित मनबढ़ू और सनकी प्रवृत्ति का युवक है। वह पहले भी कई आपराधिक घटनाएं कर चुका है। फिलहाल घायल का इलाज सदर अस्पताल में ही चल रहा है।
चिकित्सक के अनुसार उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि घायल के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- गोपालगंज में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिगों का शोषण, छापामारी में राजस्थान की 4 किशोरियां बरामद; संचालक फरार