गोपालगंज में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिगों का शोषण, छापामारी में राजस्थान की 4 किशोरियां बरामद; संचालक फरार
बैकुंठपुर पुलिस ने रेस्क्यू फाउंडेशन के साथ मिलकर सनम ऑर्केस्ट्रा पर छापा मारकर चार नाबालिग लड़कियों को बचाया, जिनका शोषण किया जा रहा था।
-1795848840595_m.webp)
मुक्त कराई गइ किशोरियां। (सौ. पुलिस)
HighLights
बैकुंठपुर पुलिस ने ऑर्केस्ट्रा से चार नाबालिग किशोरियों को बचाया।
किशोरियों ने ऑर्केस्ट्रा में शोषण और अश्लील नृत्य का आरोप लगाया।
ऑर्केस्ट्रा संचालक के खिलाफ प्राथमिकी, पुलिस तलाश में जुटी।
संवाद सूत्र, बैकुंठपुर (गोपालगंज)। ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग किशोरियों के शोषण का मामला सामने आने के बाद बैकुंठपुर पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई की।
नई दिल्ली स्थित रेस्क्यू फाउंडेशन की टीम के साथ पुलिस ने एसएच-90 किनारे रेवतिथ स्कूल के समीप संचालित सनम ऑर्केस्ट्रा में छापेमारी कर चार नाबालिग किशोरियों को बरामद किया।
सभी किशोरियां राजस्थान की रहने वाली बताई जा रही हैं। मामले में शुक्रवार को ऑर्केस्ट्रा संचालक के खिलाफ प्राथमिकी की गई। छापामारी के दौरान संचालक मौके से फरार हो गया।
रेस्क्यू फाउंडेशन के जांच अधिकारी संजय कुमार गुप्ता के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी की गई है। जांच अधिकारी संजय कुमार गुप्ता, गोपालगंज में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर शशि सपना और बैकुंठपुर थाने के एसआई बिरजू पासवान के साथ छापामारी अभियान में शामिल थे। टीम ने ऑर्केस्ट्रा परिसर की जांच के दौरान चारों किशोरियों को बरामद किया।
पूछताछ में किशोरियों ने बताई शोषण की बात
आवेदन के अनुसार, पूछताछ में किशोरियों ने आरोप लगाया कि ऑर्केस्ट्रा की आड़ में उनका शोषण किया जाता था। उन पर अश्लील नृत्य करने और अश्लील हरकतें करने के लिए दबाव बनाया जाता था। किशोरियों के बयान के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अब ऑर्केस्ट्रा संचालक की तलाश के साथ यह भी पता लगा रही है कि किशोरियों को राजस्थान से यहां किस माध्यम से लाया गया था।
18 मार्च को भी हुई थी कार्रवाई
बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में ऑर्केस्ट्रा को लेकर 18 मार्च को भी कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद अब दोबारा ऑर्केस्ट्रा में चार नाबालिग किशोरियों के मिलने से नाबालिगों के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस पूर्व की कार्रवाई के बाद ऑर्केस्ट्रा के संचालन और वर्तमान मामले के बीच भी कड़ी की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार ने बताया कि बरामद सभी नाबालिग किशोरियों को पुलिस अभिरक्षा में बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय भेजा गया है। मामले में प्राथमिकी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- गोपालगंज में दो बच्चों की निर्मम हत्या का आरोप: गन्ना तोड़ने पर पहले वसूली की मांग, फिर पोखरे में फेंके शव