गोपालगंज में दो बच्चों की निर्मम हत्या का आरोप: गन्ना तोड़ने पर पहले वसूली की मांग, फिर पोखरे में फेंके शव
गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र में गन्ना तोड़ने के विवाद में दो किशोरों की हत्या कर शव पोखरे में फेंकने का गंभीर आरोप लगा है। मृतक के पिता ने चार नामजद समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

गोपालगंज में दो बच्चों की निर्मम हत्या का आरोप (सौ. जागरण)
HighLights
गन्ना तोड़ने के विवाद में दो किशोरों की हत्या का आरोप।
थावे थाना क्षेत्र के पंडित के बंगरा गांव में हुई घटना।
मृतक के पिता ने सात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया।
संवाद सूत्र, थावे (गोपालगंज)। थावे थाना क्षेत्र के पंडित के बंगरा गांव में गन्ना तोड़ने के विवाद में दो किशोरों की हत्या कर शव पोखरे में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
इस मामले में एक मृतक किशोर के पिता सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार निवासी मोहम्मद असलम ने थावे थाने में आवेदन देकर चार नामजद समेत तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में बच्चों के साथ मारपीट करने, बंधक बनाने और बाद में दोनों किशोरों की हत्या करने की आशंका जताई गई है।
ई-रिक्शा से धान लेकर लौट रहे थे वापस
मोहम्मद असलम के अनुसार, उनका 14 वर्षीय पुत्र अशरफ अली तेतहली मदरसा में रहकर पढ़ाई करता था। 23 नवंबर को वह मदरसा के अन्य बच्चों के साथ जकात लेने के लिए ई-रिक्शा से पंडित के बंगरा गांव गया था। उसके साथ चार अन्य किशोर और ई-रिक्शा चालक अली असगर भी थे।
जकात लेने के बाद सभी ई-रिक्शा से धान लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के चंवर में ई-रिक्शा खराब हो गया। आवेदन के मुताबिक, ई-रिक्शा खराब होने के बाद चालक ने मदरसा के मौलाना को इसकी सूचना दी। इसी बीच कुछ बच्चे बगल के गन्ने के खेत में गन्ना तोड़ने चले गए।
बच्चों व चालक के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बनाया
आरोप है कि खेत मालिक सहित चार लोग व तीन अज्ञात लोगों ने बच्चों व चालक के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर मदरसा के मौलाना और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो गन्ना तोड़ने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की गई।
इसके बाद माफी मांगने पर तीन बच्चों और चालक को छोड़ दिया गया, लेकिन दो किशोरों का कोई पता नहीं चला। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों नहीं मिले। वहीं पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। समाजसेवी अनस सलाम ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।
दो दिन बाद पोखरे से मिला शव
मृतक के पिता ने बताया कि 24 नवंबर को थाने में आवेदन दिया गया था। इसके बाद 25 और 26 नवंबर को गन्ने के खेत के बगल स्थित पोखरे से दोनों किशोरों के शव बरामद किए गए।
पिता ने आशंका जताई है कि मौलाना और ग्रामीणों के लौटने के बाद आरोपितों ने दोनों बच्चों को दोबारा पकड़कर बेरहमी से पिटाई की और हत्या कर शव पोखरे में फेंक दिया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।