गोपालगंज रेलवे स्टेशन पर छिनतई का विरोध पड़ा भारी, बदमाशों ने चाकू मारकर युवक की कर दी हत्या
गोपालगंज रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात छिनतई का विरोध करने पर बदमाशों ने दो युवकों और एक महिला पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक रवि कुमार सिंह की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल अस्पताल में भर्ती हैं।

अस्पताल में चल रहा घायल का उपचार। जागरण
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। गोपालगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर गुरुवार की रात छिनतई की कोशिश का विरोध करने पर बदमाशों ने दो युवकों और एक महिला पर चाकू से हमला कर दिया।
इस दौरान गंभीर रूप से घायल एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतक की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुधसी गांव निवासी रमेश सिंह के 25 वर्षीय पुत्र रवि कुमार सिंह के रूप में हुई है। रवि गांव में इंटरनेट कैफे की दुकान चलाता था।
बहन के घर से लौटते समय घटना
घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जीआरपी (राजकीय रेल पुलिस) की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया जाता है कि वह गोपालगंज में अपनी बहन के घर आया हुआ था। गुरुवार की रात वह गोपालगंज रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान स्टेशन पर बदमाशों ने छिनतई की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपितों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
वहीं, घटना में घायल दूसरे युवक की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के विशुनपुरा बाजार निवासी सुरेश साह के 19 वर्षीय पुत्र अनीश कुमार के रूप में हुई है।
घटना में एक महिला भी घायल
बताया जाता है कि वह अपने दोस्त के साथ गोपालगंज से घर लौट रहा था। इसी दौरान वह भी बदमाशों के हमले का शिकार हो गया। हमले में एक महिला भी घायल हुई है।
घटना के बाद स्टेशन पर यात्रियों के बीच दहशत का माहौल कायम हो गया। जीआरपी पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
पुलिस मामले में छिनतई और चाकूबाजी के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है। वही रेल पुलिस व गोपालगंज पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करने में जुट गई हैं।