सब हटो वरना कूद जाऊंगा... जमुई में मोबाइल टावर पर 1 घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, पुलिस के हटते ही भागा युवक
जमुई के पोझा गांव में एक युवक घरेलू विवाद और शराब के नशे में मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिससे करीब एक घंटे तक ड्रामा चला।
HighLights
युवक घरेलू विवाद और शराब के नशे में टावर पर चढ़ा।
एक घंटे तक ड्रामा चला, पुलिस के हटने की शर्त रखी।
टावर से कूदकर जंगल में भागा, पुलिस जांच में जुटी।
संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। घरेलू विवाद और शराब के नशे में एक युवक शनिवार की दोपहर मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब एक घंटे तक ड्रामा करता रहा।
युवक ने पुलिस और ग्रामीणों के सामने शर्त रख दी कि जब सब लोग वहां से हट जाएंगे, तभी वह नीचे उतरेगा, वरना कूद जाएगा।
पुलिस के हटते ही वह टावर से कूदकर जंगल-झाड़ की आड़ लेकर भाग गया। मामला चिहरा थाना क्षेत्र के पोझा गांव का है।
युवक की पहचान सुबोध मुर्मू के पुत्र इस्माइल मुर्मू के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह शराब के नशे में था और घरेलू विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि अचानक शनिवार की दोपहर युवक मोबाइल टावर पर चढ़कर हल्ला करने लगा। इस दौरान धीरे-धीरे वहां ग्रामीणों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।
जुटी गई भारी भीड़
देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मामले की सूचना मिलते ही चिहरा थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक से उतरने का आग्रह किया। युवक शोर मचाता रहा।
इसके बाद उसने आवाज लगाई कि जब पुलिस और ग्रामीण यहां से हट जाएंगे, तभी वह उतरेगा। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद पुलिस थोड़ी दूर हट गई, जिसके बाद युवक टावर से कूदकर भाग गया और जंगल-झाड़ का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस ने कुछ दूर तक उसका पीछा भी किया, लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस युवक के घर पहुंच मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।