झाझा रूट की कई ट्रेनें रद, 1 दिसंबर से बदलेगा परिचालन, उपासना व बाघ एक्सप्रेस का नया शेड्यूल जारी
कोहरे के मौसम में सुरक्षित रेल परिचालन के लिए रेलवे ने झाझा रूट की कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। दिसंबर से फरवरी 2027 तक उपासना, वीरांगना लक्ष्मीबाई और बाघ एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें या तो रद्द रहेंगी या उनके फेरों में कटौती की गई है।

कोहरे के मौसम में रेल परिचालन में बदलाव के बीच रेलवे स्टेशन व ट्रेन
HighLights
कोहरे के कारण सुरक्षित रेल परिचालन हेतु बदलाव।
दिसंबर से फरवरी 2027 तक कई ट्रेनें रद्द।
उपासना, बाघ एक्सप्रेस के फेरों में कटौती।
संवाद सूत्र, बोड़वा (जमुई)। कोहरे के मौसम में सुरक्षित रेल परिचालन को लेकर रेलवे ने ट्रेनों के संचालन में बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत झाझा होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को दिसंबर से फरवरी तक रद कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के परिचालन के दिनों में भी कटौती की गई है।
रेलवे का यह बदलाव एक दिसंबर से 28 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेगा। इसकी जानकारी पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र ने दी है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। इस निर्णय से झाझा होकर यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है और खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों की व्यवस्था करनी पड़ सकती है।
रद व प्रभावित ट्रेनों का विवरण:
| ट्रेन संख्या व नाम | रद/प्रभावित अवधि | परिचालन की स्थिति |
| 13035 हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस | 1 दिसंबर से 26 फरवरी 2027 | पूरी अवधि रद |
| 13036 देहरादून-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस | 2 दिसंबर से 27 फरवरी 2027 | पूरी अवधि रद |
| 22198 वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी)-कोलकाता एक्सप्रेस | 4 दिसंबर से 26 फरवरी 2027 | पूरी अवधि रद |
| 22197 कोलकाता-वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी) एक्सप्रेस | 6 दिसंबर से 28 फरवरी 2027 | पूरी अवधि रद |
| 13019 हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस | 6 दिसंबर से 28 फरवरी 2027 | प्रत्येक रविवार रद |
| 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस | 8 दिसंबर से 2 मार्च 2027 | प्रत्येक मंगलवार रद |
उपासना व वीरांगना लक्ष्मीबाई एक्सप्रेस की रद तिथियां
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के अनुसार, गाड़ी संख्या 13035 हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस एक दिसंबर से 26 फरवरी तक तथा गाड़ी संख्या 13036 देहरादून-हावड़ा उपासना एक्सप्रेस दो दिसंबर से 27 फरवरी तक रद रहेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 22198 वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी)-कोलकाता एक्सप्रेस चार दिसंबर से 26 फरवरी तक और गाड़ी संख्या 22197 कोलकाता-वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी) एक्सप्रेस छह दिसंबर से 28 फरवरी तक नहीं चलेगी।
बाघ एक्सप्रेस के फेरों में कटौती, यात्रियों को सलाह
रेलवे ने बाघ एक्सप्रेस के परिचालन के दिनों में भी कटौती की है। गाड़ी संख्या 13019 हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस छह दिसंबर से 28 फरवरी तक प्रत्येक रविवार को रद रहेगी।
जबकि गाड़ी संख्या 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस आठ दिसंबर से दो मार्च 2027 तक प्रत्येक मंगलवार को नहीं चलेगी। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।