विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ के बाद परदेश लौटने वालों की उमड़ी भीड़, झाझा स्टेशन पर सीट के लिए मारामारी; तत्काल टिकट को रात भर इंतजार

Published: Wed, 18 Nov 2026 04:11 PM (IST)

छठ महापर्व के बाद झाझा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, जिससे सीटों और टिकटों के लिए मारामारी मची हुई है।

झाझा स्टेशन पर सीट के लिए मारामारी (सौ. जागरण)

झाझा स्टेशन पर सीट के लिए मारामारी (सौ. जागरण)

HighLights

  1. छठ के बाद झाझा स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़।

  2. लंबी दूरी की ट्रेनों में सीट और टिकटों के लिए मारामारी।

  3. रेल पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई, जागरूकता अभियान चलाया।

संवाद सूत्र, झाझा(जमुई)। छठ महापर्व समाप्त होते ही झाझा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ उमड़ने लगी है। पर्व में घर आए लोग अब अपने कामकाज पर लौटने लगे हैं। इस कारण प्लेटफार्म से लेकर एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों तक यात्रियों का भारी दबाव देखने को मिल रहा है। 

लंबी दूरी की ट्रेनों में सीट पाने के लिए यात्रियों के बीच मारामारी की स्थिति बनी हुई है। भीड़ को देखते हुए रेल पुलिस और आरपीएफ सतर्क हो गई है। 

प्लेटफार्म पर जागरूकता अभियान चलाया

बुधवार को आरपीएफ और रेल पुलिस ने संयुक्त रूप से लंबी दूरी की एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों के साथ प्लेटफार्म पर जागरूकता अभियान चलाया। रेल थानाध्यक्ष मधुसूदन पासवान ने माइक से यात्रियों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। साथ ही अकालतख्त एक्सप्रेस और धनबाद-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रियों को सुरक्षित तरीके से चढ़ने में सहयोग किया। 

इस दौरान स्टेशन प्रबंधक रवि माथुरी, आरपीएफ इंस्पेक्टर आरआर सहाय, उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह सहित अन्य जवान उपस्थित थे। रेल थानाध्यक्ष ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रेनों में सुरक्षा-व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्लेटफार्म पर ट्रेन के रुकते ही जवान यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से चढ़ने में सहयोग कर रहे हैं। 

कई ट्रेनों में काफी भीड़ देखी गई

वहीं, झाझा रेलखंड से गुजरने वाली आधा दर्जन से अधिक एक्सप्रेस ट्रेनें बुधवार को घंटों विलंब से पहुंचीं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। टिकट काउंटरों पर भी यात्रियों की भीड़ लगी रही। अकालतख्त एक्सप्रेस, पंजाब मेल, सुपर एक्सप्रेस, धनबाद-पटना इंटरसिटी, पूर्वांचल, पूर्वा, हमसफर, दुर्ग और टाटा-छपरा एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में काफी भीड़ देखी गई। 

यात्रियों का कहना है कि कई ट्रेनों के स्लीपर कोच में भी सामान्य कोच जैसी स्थिति बनी हुई है। रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किए जाने के बावजूद भीड़ कम नहीं हो रही है।

टिकट काउंटर पर आपाधापी, तीनों काउंटर खुले

झाझा स्टेशन के सामान्य टिकट काउंटर पर टिकट लेने के लिए यात्रियों के बीच आपाधापी मची हुई है। खासकर सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक यात्रियों की अधिक भीड़ रहती है। इस दौरान कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों का आवागमन होने के कारण काउंटर पर दबाव बढ़ जाता है। 

हालांकि, सामान्य टिकट के लिए तीनों काउंटर खुले हुए थे, लेकिन व्यवस्था संभालने के लिए कोई जवान नजर नहीं आया। एक्सप्रेस ट्रेनों में सीट उपलब्ध नहीं होने के कारण तत्काल टिकट लेने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। कई यात्री तत्काल टिकट की उम्मीद में एक दिन पूर्व संध्या से ही आरक्षण काउंटर पर नंबर लगाने पहुंच जा रहे हैं। रात भर काउंटर के बाहर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। 

यात्रियों के अनुसार, लंबी दूरी की ट्रेनों में तीन महीने पहले से ही टिकट बुक हो जा रहे हैं। ऐसे में प्रदेश के विभिन्न नगरों में काम करने वाले लोगों को वापस लौटने के लिए तत्काल टिकट का सहारा लेना पड़ रहा है।

प्लेटफार्म पर बढ़ाई गई गश्ती

रेल थानाध्यक्ष ने बताया कि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए प्लेटफार्म पर गश्ती तेज कर दी गई है। ट्रेनों में एस्कॉर्ट दल की संख्या भी बढ़ाई गई है। वे स्वयं प्लेटफार्म से लेकर ट्रेनों तक सुरक्षा-व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। पॉकेटमारी और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि कई पॉकेटमारों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

यह भी पढ़ें- नालंदा में चलती पैसेंजर ट्रेन की बोगी ज्वाइंटर से अलग हुई, कई ट्रेनें घंटों लेट; एक रद


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।