झाझा-किऊल रूट पर 5 घंटे का ब्लॉक; पूर्वा व इंटरसिटी समेत कई ट्रेनें फंसीं, कई रेलगाड़ियां रद तो कुछ के मार्ग बदले गए
Jhajha Kiul Railway Block Passengers Harassed: झाझा-किऊल रेलखंड पर नए फुट ओवर ब्रिज के गर्डर लगाने के लिए 5 घंटे ...और पढ़ें

Jhajha Kiul Railway Block Passengers Harassed: झाझा में FOB निर्माण को लेकर 5 घंटे का रेल ब्लॉक, कई ट्रेनों के बदले रूट
HighLights
झाझा-किऊल रेलखंड पर 5 घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक।
फुट ओवर ब्रिज गर्डर लगाने के कारण परिचालन बाधित।
पूर्वा एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें घंटों फंसी रहीं।
जागरण संवाददाता, जमुई। Jhajha Kiul Railway Block Passengers Harassed: पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल अंतर्गत व्यस्त झाझा-किऊल रेलखंड पर यात्रा करने वाले यात्रियों को मंगलवार को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा। झाझा स्टेशन पर चल रहे आधारभूत संरचना विकास कार्य के तहत नए फुट ओवर ब्रिज (FOB) का गर्डर चढ़ाने के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा करीब 5 घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया।
इस मेगा ब्लॉक के कारण डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बाधित रहा, जिससे पूर्वा एक्सप्रेस और इंटरसिटी समेत आधा दर्जन से अधिक एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर घंटों फंसी रहीं।
जानकारी के अनुसार, सुपर एक्सप्रेस के सुरक्षित गुजरने के बाद डाउन लाइन पर ब्लॉक प्रभावी कर दिया गया, जिसके बाद इस ट्रैक से कोई भी गाड़ी नहीं गुजर सकी। इंजीनियरिंग विभाग द्वारा भारी क्रेन की मदद से गर्डर स्थापित करने का काम युद्धस्तर पर किया गया, लेकिन इस तकनीकी कार्य की वजह से मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों का पहिया पूरी तरह थम गया।
जसीडीह, सिमुलतला और नरगंजो में रोकी गईं गाड़ियां
ब्लॉक की वजह से डाउन मार्ग से गुजरने वाली लंबी और कम दूरी की कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को नियंत्रित करना पड़ा। पूर्वा एक्सप्रेस, विभिन्न इंटरसिटी एक्सप्रेस, वर्धमान-झाझा पैसेंजर और झाझा मेमू ट्रेनें सीधे तौर पर प्रभावित हुईं। परिचालन बाधित होने के कारण ट्रेनों को सिमुलतला, जसीडीह, नरगंजो और आसपास के अन्य स्टेशनों पर रोक दिया गया। वहीं, कुछ ट्रेनों को रूट बदलकर या रिशेड्यूल कर चलाया गया।
अचानक हुए इस ब्लॉक और ट्रेनों के विभिन्न स्टेशनों पर रुकने से मुसाफिरों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्टेशनों पर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री हलकान रहे और पूछताछ काउंटरों पर स्थिति जानने के लिए भीड़ जुटी रही।
रद की गईं ट्रेनें (Canceled Trains):
63565 (जसीडीह - झाझा मेमू पैसेंजर): 03.11.2026 को पूरी तरह रद।
63566 (झाझा - जसीडीह मेमू पैसेंजर): 03.11.2026 को पूरी तरह रद।
परिवर्तित मार्ग से चलने वाली ट्रेनें (Diverted Trains):
13331 (धनबाद - पटना एक्सप्रेस): झाझा–किऊल मार्ग के बजाय धनबाद–कोडरमा–तिलैया–बख्तियारपुर होकर चलेगी।
13332 (पटना - धनबाद एक्सप्रेस): झाझा–किऊल मार्ग के बजाय बख्तियारपुर–तिलैया–कोडरमा होकर चलेगी।
नियंत्रित (देरी से) चलने वाली ट्रेनें (Regulated Trains):
03135 (सियालदह - पटना स्पेशल): आसनसोल मंडल में 120 मिनट (2 घंटे) नियंत्रित की जाएगी।
17008 (दरभंगा - सिकंदराबाद एक्सप्रेस): समस्तीपुर मंडल में प्रारंभिक स्टेशन से 45 मिनट नियंत्रित रहेगी।
63573 (जसीडीह - किऊल मेमू पैसेंजर): जसीडीह से 30 मिनट देरी से रवाना होगी।
63316 (गया - झाझा मेमू पैसेंजर): गया से झाझा के बीच मार्ग में 90 मिनट नियंत्रित की जाएगी।
मालगाड़ियों और लेट चलने वाली अन्य ट्रेनों को भी आवश्यकतानुसार नियंत्रित किया जाएगा।
ब्लॉक समाप्त, धीरे-धीरे बहाल हो रहा परिचालन
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, निर्धारित समय सीमा के भीतर फुट ओवर ब्रिज के गर्डर को सफलतापूर्वक स्थापित कर लिया गया है। कार्य पूरा होने के बाद रेलवे ट्रैक को दुरुस्त कर ब्लॉक समाप्त कर दिया गया है और डाउन लाइन पर धीरे-धीरे ट्रेनों का परिचालन शुरू करा दिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि डाउन लाइन पर यातायात बहाल कर दिया गया है और रुकी हुई ट्रेनों को क्रमबद्ध तरीके से गंतव्य के लिए रवाना किया जा रहा है। हालांकि, ब्लॉक के असर से ट्रेनों के निर्धारित समय चक्र में बदलाव आया है, जिसके सामान्य होने में अभी कुछ और वक्त लग सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।