भारतीय रेल : भागलपुर, पटना, हावड़ा-गोरखपुर, बेतिया, दरभंगा व नई दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेनें, बिना आरक्षण भी सफर
Diwali Chhath Special Trains 2026: रेलवे ने दीपावली और छठ पर्व के लिए लाखों यात्रियों को राहत देते हुए कई ...और पढ़ें

Diwali Chhath Special Trains 2026: रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए तैयार विशेष ट्रेन
HighLights
दीपावली-छठ के लिए कई स्पेशल ट्रेनें शुरू की गईं।
हावड़ा से गोरखपुर, बेतिया के लिए अनारक्षित ट्रेनें चलेंगी।
शालीमार-दरभंगा और नई दिल्ली-हावड़ा पूजा स्पेशल भी।
संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। Diwali Chhath Special Trains 2026: दीपावली और लोकआस्था के महापर्व छठ पर घर जाने की तैयारी कर रहे पूर्वांचल और बिहार के लाखों रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। त्योहारों के मौसम में नियमित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए पूर्व रेलवे ने हावड़ा से गोरखपुर तथा हावड़ा से बेतिया के बीच अनारक्षित (General Unreserved) स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।
इसके साथ ही शालीमार-दरभंगा और नई दिल्ली-हावड़ा रूट पर भी पूजा स्पेशल ट्रेनें शुरू की गई हैं। आसनसोल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह विस्तृत जानकारी दी।
अनारक्षित ट्रेनें शुरू होने से यात्रियों को महीनों पहले कन्फर्म टिकट कराने की मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। यात्री सीधे स्टेशन काउंटर से सामान्य टिकट लेकर अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे।
हावड़ा-गोरखपुर और हावड़ा-बेतिया अनारक्षित स्पेशल का समय
हावड़ा–गोरखपुर अनारक्षित स्पेशल (गाड़ी सं. 03037): यह ट्रेन 11, 13 और 14 नवंबर को रात 11:45 बजे हावड़ा से रवाना होकर अगले दिन शाम 06:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
गोरखपुर–हावड़ा अनारक्षित स्पेशल (गाड़ी सं. 03038): वापसी में यह गाड़ी 12, 14 और 15 नवंबर को रात 08:35 बजे गोरखपुर से चलकर अगले दिन दोपहर 03:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
हावड़ा–बेतिया अनारक्षित स्पेशल (गाड़ी सं. 03039): यह ट्रेन 12, 13 और 14 नवंबर को शाम 05:40 बजे हावड़ा से खुलकर अगले दिन सुबह 08:30 बजे बेतिया पहुंचेगी।
बेतिया–हावड़ा अनारक्षित स्पेशल (गाड़ी सं. 03040): वापसी में यह गाड़ी 13, 14 और 15 नवंबर को सुबह 09:00 बजे बेतिया से प्रस्थान कर अगले दिन देर रात 01:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
शालीमार-दरभंगा के बीच 'ट्रेन ऑन डिमांड' सेवा, 3-3 फेरे लगाएगी
त्योहारों में अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे ने 'ट्रेन ऑन डिमांड' योजना के तहत शालीमार और दरभंगा के बीच सीधी स्पेशल सेवा शुरू की है।
गाड़ी संख्या 08109 (शालीमार–दरभंगा TOD स्पेशल): यह ट्रेन 3 नवंबर से 17 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को शालीमार से सुबह 10:15 बजे प्रस्थान कर उसी रात 09:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 08110 (दरभंगा–शालीमार TOD स्पेशल): वापसी दिशा में यह ट्रेन 4 नवंबर से 18 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को दरभंगा से देर रात 12:30 बजे रवाना होकर उसी दिन दोपहर 02:30 बजे शालीमार पहुंचेगी।
दोनों दिशाओं में यह ट्रेन कुल 3-3 फेरे पूरे करेगी। इसकी बुकिंग रेलवे काउंटर और आईआरसीटीसी (IRCTC) की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू कर दी गई है।
नई दिल्ली-हावड़ा पूजा स्पेशल के 5-5 फेरे, मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
राष्ट्रीय राजधानी से पूर्व भारत लौटने वाले प्रवासियों की सुविधा के लिए नई दिल्ली और हावड़ा के बीच 5-5 फेरों वाली विशेष ट्रेन चलाई जाएगी।
गाड़ी संख्या 04054 (नई दिल्ली–हावड़ा स्पेशल): नई दिल्ली से 04, 05, 07, 11 और 12 नवंबर को शाम 06:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 04053 (हावड़ा–नई दिल्ली स्पेशल): हावड़ा से 06, 07, 09, 13 और 14 नवंबर को देर रात 01:40 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 08:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
इस ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी (जनरल), शयनयान (स्लीपर) और वातानुकूलित (एसी) कोच लगाए गए हैं।
झाझा और जसीडीह सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
यात्रियों की सुगमता के लिए ये सभी स्पेशल ट्रेनें दोनों दिशाओं में पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत आने वाले महत्वपूर्ण स्टेशनों—दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह पर रुकेंगी। इसके साथ ही पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल स्थित प्रमुख जंक्शन झाझा रेलवे स्टेशन पर भी इन सभी गाड़ियों का दोनों दिशाओं में व्यावसायिक ठहराव तय किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय सारिणी देखकर यात्रा की योजना बनाएं और इन विशेष सेवाओं का लाभ उठाएं।