विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झाझा-बटिया रेललाइन के लिए 433 करोड़ का टेंडर जारी, बनेंगे 2 नए स्टेशन और 47 पुल

Published: Sun, 22 Nov 2026 04:10 PM (IST)

झाझा-बटिया रेलखंड के निर्माण के लिए रेलवे ने 433 करोड़ रुपये की निविदा जारी की है, जिससे क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। 

झाझा रेलवे स्टेशन। (जागरण)

झाझा रेलवे स्टेशन। (जागरण)

HighLights

  1. झाझा-बटिया रेलखंड निर्माण हेतु 433 करोड़ रुपये की निविदा जारी।

  2. परियोजना में 47 पुल, दो स्टेशन और यार्ड का निर्माण शामिल।

  3. भूमि, मकान, पेड़ों के मुआवजे पर 205 करोड़ होंगे खर्च।

संवाद सूत्र, झाझा (जमुई)। झाझा-बटिया रेलखंड के निर्माण के लिए रेलवे ने 433 करोड़ रुपये की निविदा जारी कर दी है।

निविदा जारी होते ही झाझा, सोनो और बटिया क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। एक दशक से अधिक समय से क्षेत्र के लोग इस रेलखंड के निर्माण का इंतजार कर रहे थे।

अब परियोजना को गति मिलने के साथ लोगों में उम्मीद की किरण जगी है। 433 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत रेललाइन के अलावा सोनो और बटिया रेलवे स्टेशन सहित यार्ड का निर्माण किया जाना है।

इसके साथ ही 47 छोटे-बड़े पुलों का निर्माण होगा। वहीं, किसानों की जमीन, मकान और पेड़ों के मुआवजे पर रेलवे को 205 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे।

7000 पेड़ जद में आए

सूत्रों के अनुसार, 22 किलोमीटर लंबे रेलखंड के निर्माण के दौरान करीब सात हजार हरे पेड़ परियोजना की जद में आए हैं।

इन पेड़ों की कटाई से पूर्व विभाग की ओर से चिन्हांकन किया गया, जिसमें वन विभाग भी शामिल रहा ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई पूरी की जा सके।

वहीं, रेलवे के निर्माण विभाग की टीम रेल लाइन के दायरे में आने वाले 33 ग्रामीणों के मकानों के मुआवजे की प्रक्रिया में जुटी है। पेड़, मकान और भूमि के मुआवजे पर 205 करोड़ रुपये खर्च होने हैं, जिसका प्रस्ताव जिला प्रशासन की ओर से रेलवे को भेज दिया गया है।

जल्द ही इस पर रेलवे की ओर से कार्रवाई शुरू की जाएगी। रेललाइन, स्टेशन भवन, यार्ड और मिट्टी भराई के साथ 47 छोटे-बड़े पुलों का निर्माण किया जाना है।

इनमें पांच रेलवे ओवरब्रिज और चार अंडरब्रिज शामिल है। मुआवजा वितरण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और सभी प्रभावित लोगों को नियमानुसार लाभ दिया जाएगा।

इससे परियोजना के निर्माण कार्य में अब किसी प्रकार की कानूनी या प्रशासनिक बाधा नहीं बची है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी होने के बाद रेलखंड विस्तार का निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ेगा।

इस परियोजना के पूरा होने से झाझा-बटिया रेलखंड की क्षमता में वृद्धि होगी, परिचालन अधिक सुगम बनेगा तथा क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।

स्थानीय लोगों की नजर अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना के जल्द शुरू होने और समय पर पूरा होने पर टिकी हुई है।

मालूम हो कि 02 मार्च 2019 को इस रेलखंड का शिलान्यास तत्कालीन रेल मंत्री पीयूष गोयल और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह तत्कालीन जमुई सांसद चिराग पासवान ने किया था। इसके बाद पांच वर्षों तक इस रेलखंड का कार्य ठंडे बस्ते में पड़ा रहा।

यह भी पढ़ें- सिवान के रेल यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें, 13 से 18 दिसंबर तक निरस्त रहेंगी 2 जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें

रेल प्रशासन की ओर से पेड़ कटाई से संबंधित कोई सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

-

- तेजस जायसवाल, डीएफओ, जमुई

निर्माण कार्य चल रहा है। तीन से चार माह में तेजी आएगी।

-

रवि कुमार, सेक्शन इंजीनियर, निर्माण कार्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।