बिहार के जमुई में सनसनी: बच्चे की मौत के बाद महिला पर भूत-प्रेत का शक, बेरहमी से उतारा मौत के घाट
जमुई के अमरथ गांव में अंधविश्वास के चलते एक महिला, रूपा मांझी, की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका अर्धनग्न ...और पढ़ें

डायन बताकर ली महिला की जान
HighLights
जमुई में अंधविश्वास के चलते महिला की हत्या।
डायन होने का आरोप लगाकर पीट-पीटकर मारा।
अर्धनग्न शव झाड़ी में मिला, पुलिस जांच जारी।
संवाद सहयोगी, जमुई। टाउन थाना क्षेत्र के अमरथ गांव स्थित बेलदरिया मुसहरी में अंधविश्वास के चलते एक महिला की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। डायन होने का आरोप लगाकर रूपा मांझी (45) की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
हत्या के बाद शव को अमरथ हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के पीछे झाड़ी में फेंक दिया गया। शुक्रवार की दोपहर घास काटने गई एक महिला की नजर झाड़ी में पड़े अर्धनग्न शव पर पड़ी। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके से विभिन्न साक्ष्य एकत्रित किए। देर शाम महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव के ही बिहारी मांझी के पुत्र संदीप मांझी की मौत हो गई थी। इसके बाद रूपा मांझी पर भूत-प्रेत करने का शक जताया जा रहा था। आशंका है कि इसी अंधविश्वास और रंजिश में उसकी हत्या कर दी गई।
हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
अमरथ पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि विजय ठाकुर ने बताया कि घास काटने गई एक महिला ने झाड़ी में शव पड़े होने की सूचना दी थी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मृतका की पहचान की। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही प्रभारी एसडीपीओ सह साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल की टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए।
झाड़ी में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा अनुसंधान पूरा होने के बाद ही हो सकेगा। - अभिषेक कुमार, प्रभारी एसडीपीओ सह साइबर डीएसपी, जमुई
यह भी पढ़ें- जमुई में कैदी वाहन का कहर: पूजा पंडाल का गेट तोड़ा, चपेट में आने से आशा कार्यकर्ता समेत दो घायल
यह भी पढ़ें- जमुई में 10 महीने की बच्ची की मौत पर बवाल: परिजनों का गलत दवा का आरोप, अस्पताल में तोड़फोड़ और सड़क जाम
