जमुई में कैदी वाहन का कहर: पूजा पंडाल का गेट तोड़ा, चपेट में आने से आशा कार्यकर्ता समेत दो घायल
खैरा में दुर्गा मंदिर परिसर के पूजा पंडाल में एक कैदी वाहन घुस गया, जिससे सजावटी गेट क्षतिग्रस्त हो गया और दो महिलाएं घायल हो गईं।
संवाद सूत्र, खैरा (जमुई)। खैरा में गुरुवार की दोपहर करीब 03:30 बजे दुर्गा मंदिर परिसर स्थित पूजा पंडाल में कैदी वाहन घुस गया, जिसकी टक्कर से पंडाल का सजावटी गेट क्षतिग्रस्त हो गया। गेट का लोहे का हिस्सा टूटकर गिरने से दो महिलाएं घायल हो गईं। दोनों के सिर में चोट आई है।
घायलों को इलाज के लिए खैरा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायलों की पहचान बंगनदर गांव निवासी आशा कार्यकर्ता वर्षा कुमारी (24) और मरीज संता देवी (45) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, वर्षा कुमारी संता देवी को लेकर दुर्गा मंदिर के रास्ते खैरा स्वास्थ्य केंद्र जा रही थीं। इसी दौरान कैदी वाहन मंदिर के मुख्य गेट से अंदर प्रवेश कर गया और पूजा पंडाल के गेट से टकरा गया। टक्कर से गेट का लोहे का हिस्सा टूटकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से दोनों महिलाएं घायल हो गईं।
एसआई जितेंद्र कुमार ने बताया कि चरकापत्थर थाना से 14 कैदियों को मेडिकल जांच के लिए खैरा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। इसी दौरान कैदी वाहन दुर्गा मंदिर परिसर में बने पूजा पंडाल के ऊपरी हिस्से से टकरा गया, जिससे पंडाल क्षतिग्रस्त हो गया। उ
न्होंने बताया कि जमुई में भीड़ और बड़े वाहनों के परिचालन से जुड़ी स्थिति को देखते हुए कैदियों को खैरा लाया गया था।
पूजा समिति ने जताई नाराजगी
पूजा समिति के सदस्य मनीष कुमार ने बताया कि कैदी वाहन तेज रफ्तार में मंदिर परिसर में घुसा था। समिति के सदस्यों ने चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वाहन नहीं रुका।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में प्रवेश करने वाले रास्ते के दोनों ओर दुकानें लगी हैं। ऐसे में भीड़-भाड़ वाले पूजा स्थल में तेज रफ्तार वाहन के प्रवेश से बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद पूजा समिति के सदस्यों ने नाराजगी जताई।
