'आपको बच्चे की चिंता नहीं है?' जमुई में नाबालिग को बाइक चलाते देख SP ने पिता को लगाया फोन; बातचीत का वीडियो वायरल
जमुई में एसपी ने बिना हेलमेट और लाइसेंस के बाइक चला रहे एक नाबालिग को पकड़ा। उन्होंने मौके से ही उसके पिता को फोन कर फटकार लगाई और नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की अपील की, साथ ही बाइक जब्त करने की कार्रवाई की।
HighLights
एसपी ने जमुई में नाबालिग बाइक चालक को पकड़ा।
पिता को फोन कर लापरवाही पर कड़ी फटकार लगाई।
अभिभावकों से नाबालिगों को वाहन न चलाने की अपील।
संवाद सहयोगी, जमुई। नाबालिगों के हाथ में बाइक थमाकर अभिभावक न सिर्फ अपने बच्चों की जान जोखिम में डाल रहे हैं, बल्कि सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहे हैं। रविवार को वाहन जांच के दौरान इसका एक मामला सामने आया।
बिना हेलमेट और ड्राइविंग लाइसेंस के बाइक चला रहे एक नाबालिग को पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने पकड़ा। इसके बाद एसपी ने मौके से ही उसके पिता को फोन लगाया और जमकर फटकार लगाई। इस दौरान एसपी ने पिता को समझाया कि कम उम्र के बच्चे को बाइक देना कितनी बड़ी लापरवाही है।
उन्होंने सवाल किया कि यदि बाइक चलाते समय बच्चे के साथ कोई हादसा हो जाता अथवा उसकी वजह से किसी दूसरे की जान चली जाती तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता? एसपी ने स्पष्ट किया कि नाबालिग को वाहन चलाने के लिए देना कानून का उल्लंघन है।
उन्होंने फोन पर ही पिता को बताया कि बाइक जब्त की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मौके पर मौजूद अन्य लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करने की नसीहत दी।
नाबालिगों का वाहन चलाना गैरकानूनी
एसपी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में बाइक या अन्य मोटर वाहन चलाने की अनुमति नहीं दें। यहां बता दें कि अभिभावकों की लापरवाही से खतरा बढ़ रहा है।
18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का सार्वजनिक सड़कों पर मोटर वाहन चलाना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाता है।
पुलिस की इस कार्रवाई से अभिभावकों को स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की गई है कि बच्चों को वाहन सौंपने से पहले उनकी उम्र और वैध ड्राइविंग लाइसेंस का ध्यान रखना जरूरी है। अब घटना से संबंधित वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।