विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'DM अंकल, इस पेड़ को कटवा दीजिए', जमुई में सड़क हादसा रोकने के लिए मासूम बच्ची की गुहार; वीडियो वायरल

Published: Sun, 29 Nov 2026 05:41 PM (IST)

जमुई के खैरा प्रखंड में एक विशाल यूकेलिप्टस का पेड़ सड़क पर खतरनाक तरीके से झुका हुआ है, जिससे बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। 

HighLights

  1. जमुई में सड़क पर झुका विशाल यूकेलिप्टस पेड़।

  2. बच्ची ने जिलाधिकारी से पेड़ हटाने की गुहार लगाई।

  3. हादसे के खतरे को लेकर प्रशासन पर सवाल उठे।

संवाद सहयोगी, जमुई। खैरा प्रखंड के गिद्धेश्वर जंगल में सड़क पर मौत बनकर झुके विशाल यूकेलिप्टस के पेड़ को हटवाने के लिए अब एक मासूम बच्ची को जिलाधिकारी से गुहार लगानी पड़ रही है।

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक वीडियो में बच्ची हाथ जोड़कर डीएम से इस खतरनाक पेड़ को कटवाने की अपील करती नजर आ रही है। बच्ची की चिंता है कि समय रहते पेड़ नहीं हटाया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

वीडियो में सड़क किनारे खड़ा विशाल यूकेलिप्टस का पेड़ काफी झुका हुआ दिखाई दे रहा है। पेड़ का तना सड़क की ओर झुकने के कारण आवागमन करने वाले लोगों पर खतरा मंडरा रहा है।

इसी रास्ते से प्रतिदिन सैकड़ों बाइक, साइकिल, आटो और अन्य वाहन गुजरते हैं। बच्ची बार-बार पेड़ की ओर इशारा कर प्रशासन का ध्यान इस खतरे की ओर आकृष्ट करा रही है।

बच्ची की इस मासूम अपील ने लोगों को झकझोर दिया है। वीडियो सामने आने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब एक छोटी बच्ची को सड़क पर मंडराता खतरा दिखाई दे रहा है, तो जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी?

लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज हवा, आंधी और बारिश के दौरान पेड़ के गिरने की आशंका और बढ़ जाती है।

रात के अंधेरे में सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए यह खतरा और गंभीर हो सकता है। ऐसे में पेड़ की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कर उसे सुरक्षित तरीके से हटाना जरूरी है।

अब सवाल यह है कि प्रशासन इस मासूम की गुहार पर कब संज्ञान लेता है। कहीं ऐसा न हो कि कार्रवाई की प्रतीक्षा में यह झुका हुआ पेड़ किसी बड़े हादसे की वजह बन जाए।

यह भी पढ़ें-  पश्चिम चंपारण : मैट्रिक की मान्यता पर फंसा आठ आंगनबाड़ी सेविकाओं का चयन, रद करने की अनुशंसा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।