देश में चमका बिहार का ये सरकारी स्कूल, हासिल की दूसरी रैंक; CM बोले- यह हमारी मेधा का गौरव
जमुई के सिमुलतला आवासीय विद्यालय ने सेंटर फॉर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च स्कूल रैंकिंग 2026 में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

सिमुलतला आवासीय विद्यालय की राष्ट्रीय उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गदगद
HighLights
सिमुलतला आवासीय विद्यालय ने राष्ट्रीय रैंकिंग में दूसरा स्थान पाया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विद्यालय की उपलब्धि पर बधाई दी।
सीएम ने इसे बिहार की मेधा का गौरव बताया।
संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। सेंटर फॉर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च स्कूल रैंकिंग 2026 में सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई के देशभर में दूसरा स्थान हासिल करने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुशी जाहिर की है।
भारतीय पाठ्यक्रम वाले सर्वश्रेष्ठ सरकारी आवासीय विद्यालयों की श्रेणी में मिली इस ऐतिहासिक सफलता पर मुख्यमंत्री ने दिल खोलकर बधाई दी।
जमुई के सिमुलतला आवासीय विद्यालय को ‘Cfore School Ranking 2026’ में देशभर में दूसरा स्थान मिलना बिहार की मेधा और शैक्षणिक उत्कृष्टता का गौरव है। 🏆 बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का संकल्प निरंतर जारी है। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई! जय बिहार! 🙏
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) October 16, 2026
सीएम ने एक्स पर लिखा भावुक संदेश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर बेहद भावुक और प्रेरक संदेश साझा करते हुए लिखा कि जमुई के सिमुलतला आवासीय विद्यालय को सेंटर फॉर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च स्कूल रैंकिंग 2026 में देशभर में दूसरा स्थान मिलना बिहार की मेधा और शैक्षणिक उत्कृष्टता का गौरव है।
बिहार की शिक्षा-व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प निरंतर जारी है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री के इस पोस्ट ने राज्यभर के शिक्षकों और विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार कर दिया है।
'बिहार की प्रतिभा का कोई सानी नहीं...'
उन्होंने कहा कि बिहार की प्रतिभा का कोई सानी नहीं है और सरकार शिक्षा-व्यवस्था को देश के शीर्ष पटल पर ले जाने के लिए निरंतर संकल्पित है। उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मुख्यमंत्री द्वारा मिली सराहना पर विद्यालय के प्राचार्य शुभम शेखर ने कहा कि सीएम का संदेश हम सबके लिए बेहद उत्साहवर्धक है। हमारे शिक्षक और कर्मचारी चौबीसों घंटे पूरी मेहनत कर रहे हैं। इस प्रयास को मुख्यमंत्री द्वारा सराहा जाना हमारे लिए गर्व और खुशी की बात है।
