विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अवैध बालू माफिया पर पुलिस की स्ट्राइक; जमुई के सिकंदरा में 8 ट्रैक्टर जब्त, 7 गिरफ्तार, मालिकों पर भी केस की तैयारी

Published: Mon, 12 Oct 2026 01:04 PM (IST)

Jamui Sikandra Illegal Sand Smuggling: जमुई के सिकंदरा में पुलिस ने अवैध बालू खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ...और पढ़ें

HighLights

  1. सिकंदरा पुलिस ने अवैध बालू खनन पर की कार्रवाई।

  2. लोहंडा नहर से 8 ट्रैक्टर जब्त, 7 चालक गिरफ्तार।

  3. वाहन मालिकों पर भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी।

संवाद सूत्र, सिकंदरा (जमुई)। Jamui Sikandra Illegal Sand Smuggling: जमुई जिले में अवैध बालू के खनन, उठाव और अवैध परिवहन पर पूरी तरह शिकंजा कसने के लिए सिकंदरा थाना पुलिस ने सोमवार की सुबह सुनियोजित घेराबंदी कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने लोहंडा नहर के समीप औचक कार्रवाई करते हुए अवैध बालू लदे आठ ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया।

इस दौरान भागने का प्रयास कर रहे सात चालकों को भी मौके पर ही धर दबोचा गया। पुलिस द्वारा रास्ते में भारी ट्रक आड़ा तिरछा खड़ा कर ट्रैक्टरों के भागने की दिशा पूरी तरह बंद कर दी गई थी, जिससे तस्करों को बचने का कोई मौका नहीं मिला।

रास्ते में ट्रक खड़ा कर पुलिस ने रचा चक्रव्यूह

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लोहंडा नहर के रास्ते बालू माफिया सुबह-सुबह बड़े पैमाने पर अवैध बालू की खेप निकालने की फिराक में हैं। सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सोमवार की सुबह करीब सात बजे लोहंडा नहर के पास पहुंची।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चतुराई दिखाते हुए ट्रैक्टरों की आवाजाही वाले मुख्य मार्ग पर पहले से एक ट्रक खड़ा कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। जैसे ही बालू लदे ट्रैक्टरों का काफिला वहां पहुंचा, रास्ता बंद देखकर चालकों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस बल ने चारों तरफ से घेराबंदी करते हुए बालू लदे सभी आठ ट्रैक्टरों को अपने कब्जे में ले लिया और मौके से सात चालकों को गिरफ्तार कर लिया।

Jamui Police Seizes 8 Tractors Arrests 7 in Sand Mining Crackdown

डीआईयू और पुलिस अधिकारियों की रही संयुक्त भूमिका

इस सघन छापेमारी अभियान में जिला आसूचना इकाई (DIU) की टीम के साथ सार्जेंट राजू कुमार, अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार और अवर निरीक्षक बृजभूषण कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी व जवान मुस्तैद रहे।

थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि अवैध बालू के साथ जब्त किए गए सभी वाहनों को थाने लाया गया है और गिरफ्तार सातों चालकों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल चालकों की गिरफ्तारी तक ही यह मामला सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जांच के केंद्र में अब जब्त ट्रैक्टरों के मालिक भी होंगे।

वाहन मालिकों पर भी कसेगा कानूनी शिकंजा

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बालू के अवैध सिंडिकेट को जड़ से समाप्त करने के लिए वाहन मालिकों की भूमिका की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होते ही सभी चिन्हित वाहन स्वामियों के खिलाफ खनन अधिनियम और सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के बालू माफियाओं और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

यह भी पढ़ें- जमुई के गरही थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ बड़ा एक्शन; विशनपुर में 200 लीटर जावा महुआ नष्ट, तस्कर भागे