खाकी को चुनौती, चार महीने बाद भी गिरफ्त से बाहर दुष्कर्म का आरोपित, जमुई में खुलेआम दे रहा धमकी
जमुई में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में चार महीने बाद भी मुख्य आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है। पीड़िता ने ...और पढ़ें

एआई द्वारा जनरेट की गई सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
नाबालिग दुष्कर्म आरोपी चार माह बाद भी गिरफ्तार नहीं।
पीड़िता ने न्याय हेतु एसपी से लगाई गुहार।
आरोपी खुलेआम घूम रहा, परिवार को धमका रहा है।
संवाद सहयोगी, जमुई। जमुई जिले के लछुआड़ थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के चार महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस मुख्य आरोपित को गिरफ्तार करने में नाकाम साबित हुई है।
न्याय की आस में भटक रही पीड़िता ने अब पुलिस अधीक्षक (SP) विश्वजीत दयाल को लिखित आवेदन देकर गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि नामजद आरोपित बेखौफ होकर खुलेआम घूम रहा है और उसके पूरे परिवार को लगातार धमकियां दे रहा है।
पंचायत के प्रयास विफल होने पर दर्ज हुआ था पोक्सो एक्ट के तहत केस
पीड़िता के अनुसार, करीब चार महीने पहले नवाबगंज गांव निवासी मु. मंगर ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। घटना के तुरंत बाद स्थानीय स्तर पर पंचायत के माध्यम से मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन आरोपित और उसके परिजन पंचायत में शामिल नहीं हुए।
इसके बाद पीड़िता ने लछुआड़ थाना में लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर पोक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत गंभीर धाराओं में कांड दर्ज किया गया। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराने के साथ ही न्यायालय में उसका बयान भी दर्ज कराया था।
जमानत खारिज होने के बावजूद पुलिस की सुस्ती पर सवाल
पीड़िता ने अपने आवेदन में बड़ा दावा करते हुए कहा है कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह विशेष पोक्सो न्यायालय, जमुई द्वारा आरोपित की जमानत याचिका खारिज की जा चुकी है, फिर भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
पीड़िता का कहना है कि वह न्याय के लिए लगातार थाने से लेकर एसपी कार्यालय तक के चक्कर काट चुकी है, लेकिन उसे केवल कोरे आश्वासन मिल रहे हैं।
उसका यह भी आरोप है कि उसने पुलिस को आरोपित का मोबाइल नंबर और संभावित लोकेशन तक उपलब्ध करा दिया है, इसके बावजूद पुलिस उसे दबोचने में विफल रही है।
आरोपित की गिरफ्तारी न होने और लगातार मिल रही धमकियों के कारण पीड़िता और उसका पूरा परिवार भारी मानसिक तनाव और दहशत के साये में जीने को मजबूर है।
यह भी पढ़ें- 'नीतीश के नाम पर वोट, सम्राट चौधरी को कुर्सी'; जमुई में प्रशांत किशोर ने NDA पर बोला हमला
यह भी पढ़ें- बिहार के जमुई में सनसनी: बच्चे की मौत के बाद महिला पर भूत-प्रेत का शक, बेरहमी से उतारा मौत के घाट
